गोल्ड जीतकर लौटीं झारखंड की बेटियां, सीएम हेमंत ने बढ़ाया हौसला
डीजे न्यूज, रांची : एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला हॉकी टीम को स्वर्ण पदक दिलाने वाली झारखंड की चार खिलाड़ियों से मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने रविवार को मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में मुलाकात की। कप्तान सलीमा टेटे, निक्की प्रधान, ब्यूटी डुंगडुंग और दीपिका सोरेंग की शानदार उपलब्धि पर मुख्यमंत्री ने उन्हें बधाई दी और अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों से प्रतियोगिता की तैयारियों और उनके अनुभवों की जानकारी ली। उन्होंने मिठाई खिलाकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया और कहा कि झारखंड की बेटियों की यह स्वर्णिम सफलता पूरे राज्य और देश के लिए गौरव का विषय है। खिलाड़ियों ने अपनी मेहनत, अनुशासन और अदम्य जज्बे से देश का मान बढ़ाया है।
हेमंत सोरेन ने कहा कि इन खिलाड़ियों की सफलता से झारखंड के खेल इतिहास में एक और गौरवपूर्ण अध्याय जुड़ा है। उनकी उपलब्धि राज्य की बेटियों और युवा खिलाड़ियों को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा देगी। उन्होंने खिलाड़ियों को भविष्य में भी इसी लगन और समर्पण के साथ देश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।
विधायक कल्पना सोरेन ने भी खिलाड़ियों से मुलाकात कर उन्हें शुभकामनाएं दीं। मौके पर हॉकी झारखंड के डीजी विजय शंकर सिंह, रजनीश कुमार और जेनरल सेक्रेटरी मनोज कुमार प्रसाद मौजूद रहे।