स्वच्छता ही सेवा अभियान का समापन, रैली के माध्यम से स्वच्छता के प्रति किया जागरूक

स्वच्छता ही सेवा अभियान का समापन, रैली के माध्यम से स्वच्छता के प्रति किया जागरूक

डीजे न्यूज, धनबाद: ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान का समापन शुक्रवार को हुआ। मंडल रेल प्रबंधक अखिलेश मिश्र के नेतृत्व में अधिकारियों, कर्मचारियों तथा भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के सदस्यों एवं बच्चों द्वारा मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय से धनबाद रेलवे स्टेडियम तक प्रभात फेरी निकाली गई। रैली के माध्यम से आमजन को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। धनबाद रेलवे स्टेडियम में मंडल रेल प्रबंधक ने उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं प्रतिभागियों को स्वच्छता शपथ दिलाई गई। उन्होंने सभी से स्वच्छता के प्रति सदैव सजग रहने, श्रमदान करने, गंदगी न फैलाने, अपने आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखने तथा स्वच्छता के संदेश का व्यापक प्रचार-प्रसार करने का आह्वान किया। इस अवसर पर भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के सदस्यों द्वारा प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक का मंचन कर कचरा प्रबंधन, सिंगल-यूज प्लास्टिक के दुष्परिणामों तथा खुले में गंदगी न फैलाने का संदेश जीवंत एवं प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया। इसके पश्चात धनबाद रेलवे स्टेडियम परिसर में पौधारोपण अभियान चलाया गया, जिसमें मंडल रेल प्रबंधक सहित अधिकारियों ने पौधारोपण किया। कार्यक्रम के दौरान मंडल रेल प्रबंधक द्वारा स्वच्छता कर्मियों को पी.पी.ई. किट वितरित की गई तथा उनके महत्वपूर्ण योगदान की सराहना करते हुए कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन करने के लिए प्रोत्साहित किया गया। मालूम हो कि धनबाद मंडल में 17 सितंबर से 02 अक्टूबर तक चले ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के दौरान स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, कचरा प्रबंधन एवं जन-जागरूकता से संबंधित विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। रेलवे प्रशासन ने संदेश दिया कि अभियान का औपचारिक समापन भले ही हो गया हो, लेकिन स्वच्छता को दैनिक जीवन एवं कार्यशैली का अभिन्न हिस्सा बनाने का संकल्प निरंतर जारी रहेगा।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top