ग्रामीणों ने रेलवे गेट के पास सड़क जाम कर रोका कोयला ट्रांसपोर्टिंग, आंदोलन जारी
लोदना क्षेत्र के ईस्ट बरारी में बिजली-पानी की किल्लत –
डीजे न्यूज, तिसरा, धनबाद : बिजली-पानी की समस्या से परेशान होकर लोदना क्षेत्र के ईस्ट बरारी के लोगों ने गुरुवार को राष्ट्रीय जनता कामगार संघ के नेता अनिल बाउरी एवं बीरेंद्र निषाद के नेतृत्व में बिजली आपूर्ति की मांग को लेकर साउथ तीसरा रेलवे गेट के पास सड़क जाम कर कोयला ट्रांसपोर्टिंग बाधित कर दिया।
संघ के आंदोलन का चार घंटा बीत जाने के बाद भी प्रबंधन द्वारा नागरिकों की समस्या का समाधान करने की दिशा में कोई पहल नहीं किए जाने से समाचार लिखे जाने तक आंदोलन जारी रहने से कोयला डिस्पैच प्रभावित हो गई है। हालांकि मौके पर अलकडीहा ओपी पुलिस आंदोलनकारियों से वार्ता कर आंदोलन को खत्म कराने की कोशिश की थी, परन्तु आंदोलनकारी के अपने मांगों पर अड़े रहने के कारण सड़क जाम जारी है।
संघ के नेताओं ने कहा कि आउटसोर्सिंग प्रबंधन ईस्ट बरारी एवं गुड़गुड़िया मोहल्ला के लोगों को परियोजना विस्तारिकरण को बिना सुविधा मुहैया कराए बगैर जबरन विस्थापन कराने को एक पखवारा पहले बिजली संयोग को बिच्छेद कर दिया है, जिससे मुहल्ले के लोगों के समक्ष बिजली और पानी आपूर्ति बाधित होने से लोगों को भारी परेशानियां उठानी पड़ रही है। नेताओं ने प्रबंधन को चेतावनी दिया कि जबतक प्रभावित मुहल्ले में बिजली आपूर्ति नहीं की जाती तबतक सड़क जाम आंदोलन जारी रहेगा।