दुर्गा पूजा पर धनबाद में सुरक्षा का कड़ा पहरा, सिटी हॉक्स को लगातार पेट्रोलिंग का निर्देश
पूजा की भीड़ में अपराधियों पर पुलिस की पैनी नजर, बाजार-मॉल में सिटी हॉक्स की गश्त तेज
ज्वैलरी शॉप, बैंक, एटीएम और धार्मिक स्थलों पर भी रहेगी पुलिस की कड़ी निगरानी
दुर्गा पूजा को लेकर अलर्ट मोड में धनबाद पुलिस, सिटी हॉक्स टीम को सिटी एसपी ने किया ब्रीफ
डीजे न्यूज, धनबाद :
दुर्गा पूजा के दौरान शहर की सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने के लिए धनबाद पुलिस ने अपनी पेट्रोलिंग व्यवस्था को और मजबूत कर दिया है। भीड़भाड़ वाले बाजारों, मॉल, शॉपिंग कॉम्प्लेक्स और संवेदनशील इलाकों में पुलिस की लगातार मौजूदगी सुनिश्चित करने के लिए सिटी हॉक्स बाइक पेट्रोलिंग टीम को विशेष रूप से सक्रिय किया गया है। गुरुवार को पुलिस कंट्रोल रूम में सिटी हॉक्स के पदाधिकारियों एवं जवानों की विशेष ब्रीफिंग कर उन्हें सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश दिए गए।
एसएसपी प्रभात कुमार के निर्देश पर सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने सिटी हॉक्स की टीम को ब्रीफ करते हुए दुर्गा पूजा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूरी सतर्कता बरतने का निर्देश दिया। इस दौरान डीएसपी सीसीआर प्रदीप कुमार साव समेत कई थाना प्रभारी एवं पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे।
सिटी एसपी ने कहा कि दुर्गा पूजा के दौरान बाजारों और प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर लोगों की भारी भीड़ उमड़ती है। ऐसे में चोरी, छिनतई, महिलाओं से छेड़खानी और अन्य आपराधिक घटनाओं की आशंका को देखते हुए पुलिस को पहले से अधिक सतर्क रहना होगा। उन्होंने सिटी हॉक्स के जवानों को नियमित एवं लगातार पेट्रोलिंग करने का निर्देश दिया ताकि हर संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखी जा सके।
सिटी हॉक्स की टीम को शहर के प्रमुख बाजारों, मॉल, शॉपिंग कॉम्प्लेक्स, पूजा पंडालों के आसपास और अन्य संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने को कहा गया है। भीड़ वाले स्थानों पर बाइक से लगातार गश्त करने के साथ संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों पर नजर रखने और आवश्यकता पड़ने पर तत्काल संबंधित थाना को सूचना देने का निर्देश दिया गया।
ज्वैलरी शॉप, बैंक, एटीएम और धार्मिक स्थलों पर भी पुलिस की कड़ी निगरानी रहेगी। दुर्गा पूजा के दौरान इन संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करते हुए पुलिस बल की तैनाती, नियमित गश्त और संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जाएगी।
ज्वैलरी शॉप, बैंकों व एटीएम के आसपास अनावश्यक रूप से घूमने वाले संदिग्ध लोगों पर नजर रखने और पूछताछ करने के साथ प्रमुख धार्मिक स्थलों की सुरक्षा की भी लगातार निगरानी की जाएगी।
दुर्गा पूजा के मद्देनजर खरीददारी करने के लिए बड़ी संख्या में महिलाएं और बच्चे घरों से निकलकर बाजारों में पहुंचते हैं। इसे देखते हुए महिला सुरक्षा को भी विशेष प्राथमिकता दी गई है। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर छिनतई, छेड़खानी अथवा महिलाओं से दुर्व्यवहार की संभावना को देखते हुए कड़ी निगरानी रखने और किसी भी तरह की शिकायत मिलने पर तत्काल कार्रवाई करने तथा संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार पेट्रोलिंग बनाए रखने को कहा गया है।
सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने स्पष्ट किया कि पूजा के दौरान शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सिटी हॉक्स की टीम के साथ थाना स्तर की पुलिस भी अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार सक्रिय रहेगी ताकि नागरिकों को सुरक्षित वातावरण में पूजा और उत्सव का आनंद लेने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।