देवघर में कल से घर-घर पहुंचेगा निगम का अमला, होल्डिंग टैक्स वसूली की पूरी तैयारी
डीजे न्यूज, देवघर : नगर निगम क्षेत्र में होल्डिंग टैक्स संग्रह का अभियान शुक्रवार से शुरू होगा। नगर निगम प्रशासन ने टैक्स वसूली को सरल, पारदर्शी और नागरिकों के लिए सुविधाजनक बनाने के लिए व्यापक तैयारी पूरी कर ली है। करदाता अपनी सुविधा के अनुसार निगम कार्यालय परिसर स्थित जन सुविधा केंद्र पर टैक्स जमा कर सकेंगे।
जन सुविधा केंद्र पर नकद और चेक के अलावा डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड और नेट बैंकिंग के माध्यम से भी भुगतान की सुविधा उपलब्ध रहेगी। निगम प्रशासन का उद्देश्य करदाताओं को भुगतान के लिए अनावश्यक परेशानी और लंबी कतार से बचाना है।
वहीं, बुजुर्गों, कामकाजी लोगों और दूर-दराज के वार्डों में रहने वाले नागरिकों की सुविधा के लिए वार्ड स्तर पर भी टैक्स वसूली की व्यवस्था की गई है। नगर आयुक्त के निर्देश पर निगम के रेवेन्यू इंस्पेक्टर और टैक्स कलेक्टर घर-घर जाकर होल्डिंग टैक्स की वसूली करेंगे।
डोर-टू-डोर अभियान के दौरान फील्ड कर्मी करदाताओं के टैक्स संबंधी विवरण का सत्यापन करेंगे और मौके पर ही रसीद उपलब्ध कराने की व्यवस्था रहेगी। इससे नागरिकों को छोटी-छोटी कर संबंधी प्रक्रियाओं के लिए नगर निगम कार्यालय का चक्कर लगाने से राहत मिलेगी।
नगर निगम प्रशासन ने शहरवासियों से अभियान में सहयोग करने की अपील की है। निगम ने नागरिकों से अपने बकाया टैक्स के साथ-साथ चालू वित्तीय वर्ष का होल्डिंग टैक्स भी समय पर जमा करने का आग्रह किया है।