नशा सिर्फ व्यक्ति के स्वास्थ्य को प्रभावित नहीं करता बल्कि इसका असर परिवार, समाज और आने वाली पीढ़ियों पर भी पड़ता है : रामनिवास यादव
नशे के खिलाफ प्रशासन, अधिकारियों व कर्मियों ने लिया स्वस्थ समाज का संकल्प
डीजे न्यूज, गिरिडीह : नशा मुक्त समाज के निर्माण और युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने के उद्देश्य से गुरुवार को समाहरणालय सभागार में शपथ कार्यक्रम आयोजित किया गया। नशा मुक्त अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम में उपायुक्त रामनिवास यादव ने समाहरणालय के वरीय पदाधिकारियों, अधिकारियों एवं कर्मियों को नशा मुक्त समाज के निर्माण की शपथ दिलाई।
मौके पर उपायुक्त रामनिवास यादव ने कहा कि नशा सिर्फ व्यक्ति के स्वास्थ्य को प्रभावित नहीं करता, बल्कि इसका असर परिवार, समाज और आने वाली पीढ़ियों पर भी पड़ता है। नशे के खिलाफ जागरूकता बढ़ाने और सामाजिक सहभागिता मजबूत करने में प्रशासन के साथ प्रत्येक नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के साथ स्वस्थ एवं सकारात्मक वातावरण तैयार करने की जरूरत है। नशा मुक्त समाज का संकल्प किसी एक दिन तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि इसे व्यवहार और सामाजिक जिम्मेदारी का हिस्सा बनाना होगा। विशेष रूप से युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए जागरूकता, संवाद और सकारात्मक गतिविधियों को बढ़ावा देने की आवश्यकता है।
शपथ कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों एवं कर्मियों ने नशीले पदार्थों का सेवन नहीं करने, दूसरों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करने तथा स्वस्थ, सुरक्षित एवं नशा मुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।
जिला प्रशासन ने आम लोगों से भी नशे के खिलाफ सामूहिक प्रयासों को मजबूत करने की अपील की। साथ ही युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करने और “नशा मुक्त जीवन—स्वस्थ समाज” के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया।