लाभार्थी शिविर में लोगों ने उठाया स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ
डीजे न्यूज, धनबाद: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राष्ट्रसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में बरटांड़ स्थित सामुदायिक भवन, दास बस्ती, पांडरपाला में बुधवार को लाभार्थी शिविर का आयोजन किया गया। ‘सेवा सेतु अभियान’ के तहत आयोजित लाभार्थी शिविर का उद्घाटन विधायक राज सिन्हा ने किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष हुल्लास दास ने की।
शिविर में नेत्र जांच, आयुष्मान कार्ड निर्माण, मधुमेह जांच सहित विभिन्न स्वास्थ्य एवं जनकल्याणकारी सेवाओं के लिए अलग-अलग स्टॉल लगाए गए थे। शिविर में सैकड़ों की संख्या में स्थानीय नागरिकों ने पहुंचकर निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं एवं जांच का लाभ उठाया।
विधायक राज सिन्हा ने स्वयं भी स्वास्थ्य परीक्षण कराया और उपस्थित लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। शिविर में उपस्थित लाभार्थियों एवं स्थानीय नागरिकों ने भी स्वास्थ्य जांच कराकर स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का परिचय दिया।
विधायक राज सिन्हा ने कहा कि सेवा ही संकल्प और जनसेवा ही लक्ष्य के भाव के साथ आयोजित ऐसे सेवा शिविर समाज के जरूरतमंद लोगों तक स्वास्थ्य एवं अन्य जनकल्याणकारी सुविधाएं पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा संचालित आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री जन-धन योजना एवं प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं से देश के करोड़ों आम नागरिक सीधे लाभान्वित हो रहे हैं। इन योजनाओं ने गरीब, किसान, महिला, युवा एवं जरूरतमंद परिवारों के जीवन को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना और पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ना ही ऐसे सेवा अभियानों का प्रमुख उद्देश्य है।
मंडल अध्यक्ष हुल्लास दास एवं पंकज सिन्हा ने कहा कि, आज पूरे विश्व में मोदी जी का डंका बज रहा है। वर्ष 2047 तक भारत को स्वतंत्रता के 100 वर्ष पूरे होने पर एक पूर्ण विकसित और आत्मनिर्भर राष्ट्र बनाना ही “विकसित भारत” का मुख्य लक्ष्य है।
कार्यक्रम में विनोद बिहारी महतो स्मारक समिति के अध्यक्ष डालूराम महतो, साकेत कुमार, विधायक प्रतिनिधि पंकज सिन्हा उर्फ कुमार अमित, पूर्व मंडल अध्यक्ष किशोर मंडल, महामंत्री राणा सिंह, मनोज रिंकू, टुन्ना सिंह, अल्पसंख्यक मोर्चा के नेता बबलू फरीदी, डी.के. सिंह, भोला पांडे, भागीरथ दास, कुलदीप प्रजापति, चंदन दास, अजय शर्मा, निखिल कुमार, तारिणी दास, अजय दास, कुंदन दास सहित बड़ी संख्या में महिलाएं एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित थे।