छात्राओं को सिखाए यातायात नियम
डीजे न्यूज, धनबाद: जिला सड़क सुरक्षा समिति ने सोमवार को बीएसएस बालिका उच्च विद्यालय में छात्राओं को सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया। अभियान का मुख्य उद्देश्य युवा पीढ़ी को जिम्मेदार नागरिक बनाना और सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम करना रहा।
कार्यक्रम के दौरान सड़क सुरक्षा प्रबंधक सुनील कुमार ने छात्राओं को संबोधित करते हुए सड़क दुर्घटनाओं के बढ़ते मामलों और उससे परिवारों पर पड़ने वाले गंभीर प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने छात्राओं से अपील की कि वे स्वयं भी सतर्क रहें और अपने परिजनों को भी सुरक्षित वाहन चालन के लिए प्रेरित करें।
वहीं, मोटर यान निरीक्षक हरीश कुमार ने छात्राओं को बुनियादी यातायात नियमों का पाठ पढ़ाया। उन्होंने हेलमेट और सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, ट्रैफिक सिग्नल के अनुपालन, ओवर-स्पीडिंग से बचाव तथा ज़ेबरा क्रॉसिंग के सही उपयोग जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर प्रकाश डाला।
अंत में छात्राओं से सड़क सुरक्षा नियमों का निष्ठापूर्वक पालन करने और दूसरों को भी इसके प्रति सचेत करने का संकल्प दिलाया। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।