धनयडीह स्कूल में लोकतंत्र की पाठशाला, विद्यार्थियों ने मतदान से चुनी मॉडल युवा ग्राम सभा

धनयडीह स्कूल में लोकतंत्र की पाठशाला, विद्यार्थियों ने मतदान से चुनी मॉडल युवा ग्राम सभा

डीजे न्यूज, गिरिडीह : लोकतांत्रिक प्रक्रिया और स्थानीय स्वशासन की व्यावहारिक समझ विकसित करने के उद्देश्य से पीएम श्री उत्क्रमित उच्च विद्यालय धनयडीह में पहली बार “मॉडल युवा ग्राम सभा” का गठन किया गया। झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद, रांची एवं जिला शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार आयोजित इस गतिविधि में विद्यार्थियों ने मतदान के माध्यम से सरपंच सहित ग्राम सभा के अन्य सदस्यों का चुनाव किया।

चुनाव प्रक्रिया को वास्तविक ग्राम पंचायत चुनाव की तर्ज पर आयोजित किया गया। विद्यार्थियों को मतदाता सूची, उम्मीदवारों का चयन, मतदान प्रक्रिया, गोपनीय मतदान और मतगणना की पूरी प्रक्रिया से अवगत कराया गया। विद्यार्थियों ने उम्मीदवारों के पक्ष में अपने मत का प्रयोग कर लोकतांत्रिक तरीके से प्रतिनिधियों का चयन किया।

विद्यालय की शिक्षिका शिखा कुमारी ने बताया कि गतिविधि का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित न रखकर लोकतंत्र, मतदान के अधिकार, स्थानीय शासन, ग्राम सभा की भूमिका और नागरिक जिम्मेदारियों की व्यावहारिक जानकारी देना है। इसके माध्यम से बच्चों को यह समझने का अवसर मिला कि ग्रामीण लोकतंत्र में ग्राम सभा की भूमिका कितनी महत्वपूर्ण है।

विद्यालय के नोडल शिक्षक संजीव कुमार ने कहा कि ऐसी गतिविधियों से विद्यार्थियों में लोकतांत्रिक मूल्यों के साथ नेतृत्व क्षमता, निर्णय लेने की क्षमता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित होती है। आगे मॉडल युवा ग्राम सभा की बैठकों में स्थानीय समस्याओं, विकास योजनाओं और जनहित के मुद्दों पर चर्चा एवं समाधान की प्रक्रिया को भी व्यावहारिक रूप से समझाया जाएगा।

मतदान प्रक्रिया के माध्यम से “मॉडल ग्राम पंचायत धनयडीह” का गठन किया गया। इसमें अर्चना कुमारी को सरपंच, अमरजीत कुमार को सचिव, गायत्री कुमारी को सहायक सचिव, शीतल कुमारी को शिक्षा प्रभारी, संजीत कुमार वर्मा को स्वास्थ्य प्रभारी और अभिमन्यु कुमार तिवारी को स्वच्छता प्रभारी चुना गया।

इसके अलावा मीनाक्षी कुमारी, राजकुमार यादव, प्रेम कुमार राणा, निधि कुमारी, रीधी कुमारी, आर्यन कुमार, सत्यम कुमार विश्वकर्मा, रवीना कुमारी, द्रौपदी कुमारी, मंजु कुमारी, अनुराधा भारती, सुशील कुमार, प्रिंस कुमार, गौतम कुमार दास, अंशु कुमार मंडल एवं वर्षा रानी को वार्ड सदस्य चुना गया। इस प्रकार कुल 22 सदस्यीय मॉडल युवा ग्राम सभा का गठन हुआ।

विद्यालय के प्रधानाध्यापक भुवनेश्वर प्रसाद सिंह ने निर्वाचित सभी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि इस तरह की गतिविधियां बच्चों को लोकतांत्रिक व्यवस्था को करीब से समझने और जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करती हैं।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top