राजगंज में खराब हाइवा को ट्रक ने मारी टक्कर, दो जख्मी
डीजे न्यूज, राजगंज(धनबाद): राजगंज थाना क्षेत्र के डोमनपुर स्थित गोल्डन पंप के समीप बुधवार रात भीषण सड़क हादसे में ट्रक चालक ओमकांत कुमार गंभीर रूप से जख्मी हो गया। जख्मी का एक पैर कटकर अलग हो गया है। इस घटना में जख्मी चालक के सगा भाई व सहचालक सत्या कुमार भी ट्रक के क्षतिग्रस्त हिस्से में फंस गया। दोनों करीब 45 मिनट तक वाहन में फंसे रहे।
हादसे की सूचना मिलते ही राजगंज पुलिस और स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे। तेज बारिश के बीच राहत एवं बचाव कार्य में काफी परेशानी हुई। करीब एक घंटे के बाद एनएचएआई की एंबुलेंस मौके पर पहुंची। इसके बाद पुलिस, ग्रामीणों और एनएचएआई टीम की मदद से दोनों जख्मियों को वाहन से बाहर निकालकर इलाज के लिए एसएनएमसीएच, धनबाद भेजा गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जेएच 10 ए क्यू-8380 नंबर का हाइवा सड़क पर खराब हालत में खड़ा था। इसी दौरान हिमालय से सेब लादकर कोलकाता जा रहा एनएल 01 एई-5878 नंबर का ट्रक अनियंत्रित होकर खड़े हाइवा से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि सेब लदे ट्रक के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए और चालक व सहचालक उसमें फंस गए।
राजगंज थाना के दारोगा संजय यादव पुलिस जवानों के साथ मौके पर मौजूद रहे। वहीं मुखिया प्रतिनिधि भोलानाथ महतो समेत स्थानीय लोगों ने भी राहत कार्य में सहयोग किया।
बताया जा रहा है कि सिक्स लेन सड़क पर खराब वाहन के बिना पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था के खड़े रहने के कारण एक बार फिर गंभीर हादसा हुआ। स्थानीय लोगों ने सड़क पर खराब वाहनों को उचित संकेतक और सुरक्षा व्यवस्था के साथ खड़ा कराने की मांग की है।