ईस्ट बसुरिया में पुलिस और अपराधियों में मुठभेड़, दो को लगी गोली
चार गिरफ्तार, हथियार व जिंदा गोली बरामद
डीजे न्यूज, कतरास(धनबाद): ईस्ट बसुरिया ओपी क्षेत्र में बुधवार देर रात पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुई। इस घटना में दो अपराधियों को गोली लगी है। जख्मी अपराधियों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
धनबाद पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि वासेपुर के भूली मोड़ पर बीते दिनों फहीम खान के भाई समेत तीन लोगों पर हुई फायरिंग मामले में शामिल अपराधी ईस्ट बसुरिया थाना क्षेत्र में छिपे हुए हैं। सूचना के बाद पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी की और अपराधियों को आत्मसमर्पण करने के लिए कहा।
इसी दौरान अपराधियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की ओर से भी फायरिंग की गई, जिसमें दो अपराधी घायल हो गए। पुलिस ने मौके से चार अपराधियों को हथियार और कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है।
मुठभेड़ में जख्मी अपराधियों की पहचान चंदन ठाकुर और प्रिंस के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, भूली मोड़ में फहीम खान के भाई समेत तीन लोगों पर हुई फायरिंग में चंदन ठाकुर मुख्य शूटर की भूमिका में था। जबकि प्रिंस कुमार बाइक चला रहा था। आरोप है कि घटना के दौरान उसने ताबड़तोड़ आठ राउंड फायरिंग की थी।
मुठभेड़ के दौरान चंदन ठाकुर के पैर और कमर में गोली लगी है, जबकि दूसरे जख्मी अपराधी को भी इलाज के लिए असर्फी अस्पताल भेजा गया है। पुलिस अब गिरफ्तार किए गए सभी आरोपियों से पूछताछ कर पूरे नेटवर्क और घटना में इस्तेमाल हथियारों के बारे में जानकारी जुटा रही है।