अवैध कोयला खनन और भू धंसान की रोकथाम को आंदोलन का शंखनाद

अवैध कोयला खनन और भू धंसान की रोकथाम को आंदोलन का शंखनाद

बीसीसीएल व डीजीएमएस के खिलाफ आंदोलन करेगी कतरास की जनता

डीजे न्यूज, कतरास(धनबाद): अवैध कोयला खनन और भू धंसान के विरोध में कतरास के नागरिक गोलबंद होने लगे हैं। नागरिकों ने अपनी जानमाल की सुरक्षा और कतरास-पचगढ़ी के अस्तित्व को बचाने के लिए आंदोलन का रास्ता अख्तियार करने की रणनीति पर काम करना शुरू कर दिया है। इसके तहत गुरुवार को कतरास बचाओ संघर्ष मोर्चा के बैनर तले नागरिकों की बैठक कतरास-राजगंज रोड पर हुई। इस दौरान सरकार, बीसीसीएल और खान सुरक्षा महानिदेशालय के खिलाफ आंदोलन का शंखनाद किया गया। वक्ताओं ने कहा कि कतरास-पचगढ़ी पिलरों पर टिकी हुई है। इस स्थिति में पिलरों को काटकर अवैध कोयला खनन करना यहां की जनता के भविष्य लिए खतरे की घंटी है। जगह-जगह पर लगातार भू धंसान की घटनाएं घटित हो रही है। लोगों के घर जमींदोज हो रहे हैं। भू धंसान की चपेट में आकर लोग असमय ही काल के गाल में समा रहे हैं। इसके बावजूद जनता की सुरक्षा को लेकर संबंधित विभाग द्वारा किसी तरह का ठोस कदम नहीं उठाया जाना चिंता का विषय है। वक्ताओं ने एकजुटता का आह्वान करते हुए कहा कि यहां की जनता गांधीवादी नीति को अपनाकर आंदोलन करेगी। इसके बावजूद अवैध कोयला खनन और भू धंसान की रोकथाम की दिशा में कारगर कदम नहीं उठाया गया तो बीसीसीएल के सभी क्षेत्रों में उत्पादन ठप करने का काम करेंगे। अध्यक्षता प्रदीप पांडेय ने की। संचालन चुन्ना यादव ने किया। मौके पर प्रकाश गुप्ता, राजकुमार मधु , मनोज गुप्ता, मो अमान, विनय कृष्ण गुप्ता, सुरेश शर्मा, अरुण साव, विनोद शर्मा, मनोज गुप्ता, देवानंद बर्मन, प्रेम गुप्ता, महबूब आलम, शैलेश गुप्ता, रितेश गुप्ता, सुनील माकन आदि उपस्थित थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top