बीसीसीएल में राजभाषा पखवाड़ा का शुभारंभ

बीसीसीएल में राजभाषा पखवाड़ा का शुभारंभ

कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग के लिए किया प्रेरित

डीजे न्यूज, धनबाद: हिंदी दिवस के अवसर पर बीसीसीएल मुख्यालय, कोयला भवन में सोमवार को राजभाषा पखवाड़ा का शुभारंभ हुआ। अध्यक्षता अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक  मनोज कुमार अग्रवाल ने की।
सीएमडी ने उपस्थित अधिकारी व कार्मिकों को राजभाषा शपथ दिलाई तथा दैनिक कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के अधिकाधिक एवं प्रभावी प्रयोग के लिए प्रेरित किया। साथ ही उन्होंने कार्मिकों से राजभाषा पखवाड़ा के दौरान आयोजित विभिन्न गतिविधियों एवं प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान भी किया।
निदेशक (वित्त/मानव संसाधन) राजेश कुमार ने केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह तथा कोल इंडिया चेयरमैन बी. साईराम के हिंदी दिवस संदेश का वाचन किया।
बीसीसीएल मुख्यालय एवं सभी क्षेत्रों में 14 से 28 सितंबर तक आयोजित राजभाषा पखवाड़ा के दौरान हिंदी अनुवाद एवं शब्दावली, निबंध लेखन, प्रश्नोत्तरी, कविता पाठ एवं साहित्यिक संगोष्ठी सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
राजभाषा हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग एवं इसके प्रति जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित ये गतिविधियाँ कार्मिकों को हिंदी में कार्य एवं रचनात्मक अभिव्यक्ति के लिए प्रोत्साहित करेंगी।
इस अवसर पर निदेशक (वित्त/मानव संसाधन) राजेश कुमार, मुख्यालय के महाप्रबंधकगण एवं विभागाध्यक्ष, मानव संसाधन विभाग के अधिकारी/नोडल राजभाषा अधिकारी तथा राजभाषा विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top