संविधान बचाओ महारैली को लेकर जनसंपर्क अभियान तेज
19 सितंबर को धनबाद में जुटेंगे हजारों लोग, आरक्षण और यूजीसी एक्ट को मजबूती से लागू करने की उठेगी मांग
डीजे न्यूज, धनबाद: संविधान बचाओ संघर्ष समिति के आह्वान पर आगामी 19 सितंबर को धनबाद में संविधान बचाओ महारैली का आयोजन किया जाएगा। महारैली में हजारों लोगों के शामिल होने का दावा किया गया है। आरक्षण एवं यूजीसी एक्ट को मजबूती के साथ लागू करने की मांग को लेकर आयोजित इस महारैली की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं।
महारैली को सफल बनाने के लिए समिति के नेता और कार्यकर्ता जिले के विभिन्न क्षेत्रों में जनसंपर्क अभियान चला रहे हैं। इस दौरान लोगों को महारैली के उद्देश्य और मांगों की जानकारी देने के साथ उनसे सहयोग की अपील की जा रही है। समिति के नेताओं के अनुसार, महारैली को लेकर लोगों में उत्साह है और विभिन्न क्षेत्रों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है।
जनसंपर्क अभियान के लिए जिले में कई टीमों का गठन किया गया है। धनबाद, झरिया, भूली, पुटकी, गोधर-केन्दुआ और गोविंदपुर क्षेत्रों में लगातार संपर्क अभियान चलाया जा रहा है। वहीं, बलियापुर, सिंदरी, निरसा और चिरकुंडा क्षेत्रों में भी टीमों द्वारा जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा।
धनबाद शहर में गोपाल यादव, दिलीप राम, शशिभूषण कुमार, मिथिलेश प्रसाद, गणपत महतो, मनोहर दास, अजय दास, सत्येंद्र कुमार, संतोष पासवान, रणधीर कुमार और रंजीत दास जनसंपर्क अभियान में सक्रिय हैं। भूली क्षेत्र में बबलू दास, मंटू दास और बबन पासवान लोगों से संपर्क कर रहे हैं। पुटकी में शंभु पासवान के नेतृत्व में अभियान चलाया जा रहा है।
झरिया क्षेत्र में शिव बालक पासवान, अनूप साव, मुन्नीलाल दास और शिव दत्त के नेतृत्व में जनसंपर्क अभियान जारी है। वहीं गोधर क्षेत्र में गणेश दास के नेतृत्व में लोगों से संपर्क किया जा रहा है।
समिति के नेताओं ने दावा किया कि 19 सितंबर की महारैली को लेकर विभिन्न इलाकों में लोगों का समर्थन मिल रहा है और बड़ी संख्या में लोगों के धनबाद पहुंचने की उम्मीद है।