मानसून खेल महोत्सव की जर्सी लांच

मानसून खेल महोत्सव की जर्सी लांच

डीजे न्यूज, धनबाद : भागदौड़ वाली जिंदगी में खेल का बहुत बड़ा महत्व है। विशेष कर पत्रकारों के लिए यह आवश्यक है। पत्रकारों की जिंदगी दिन भर भागदौड़ वाली होती है। ऐसे में खेल महोत्सव टीम भावना, आपसी सौहार्द को उजागर करता है। भारत और झारखंड सरकार भी इस दिशा में काफी पहल कर रही है। यह बातें केंद्रीय खनन एवं ईंधन अनुसंधान संस्थान के निदेशक डा. एके मिश्रा ने कही। शनिवार को मेमको मोड़ स्थित 99 ग्रुप आफ कंपनिज के सभागार में धनबाद प्रेस क्लब के मानसून खेल महोत्सव के जर्सी को लांच किया गया। इस दौरान आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि डा. एके मिश्रा, आइआइटी-आइएसएम के रजिस्ट्रार प्रबोध पांडेय, जिला खेल पदाधिकारी उमेश लोहरा, 99 ग्रुप के सीएमडी श्याम पांडेय समेत प्रेस क्लब के पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित थे।

रजिस्ट्रार पांडेय ने कहा कि 2036 में होने वाली ओलंपिक की दावेदारी भारत कर रहा है। दिन प्रतिदिन खेल के प्रति युवाओं में आकर्षण बढ़ता जा रहा है। खेल ऐसी विद्या है कि विश्व पटल पर अपनी पहचान बनाता है। भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है, लेकिन खेल में बहुत कम मेडल मिलते हैं। भारत एक विशाल देश है। ऐसे में खेल के मामले में इसे विश्व के टाप पांच देशों में शामिल होना चाहिए। ऐसे आयोजन से बच्चों और युवाओं में खेल के प्रति लगाव बढ़ता है। इसमें पत्रकारिता का अहम योगदान होता है। मानसून खेल महोत्सव में पत्रकार शामिल होते हैं तो इसके अच्छे परिणाम देखने को मिलेंगे। जिला खेल पदाधिकारी उमेश लोहरा ने कहा कि खेल को लेकर धनबाद में एक अच्छा माहौल बनता जा रहा है। हाल के दिनों में राज्य स्तरीय प्रतियोगिताएं धनबाद में आयोजित हुई हैं। उन्होंने कहा कि पत्रकारों को खेल से जोड़ना एक अच्छी पहल है।
पांच रंगों की अलग-अलग जर्सी का अनवारण : 16-17 सितंबर को 99 स्पोर्टस कांप्लेक्स में आयोजित होने वाले मानसून खेल महोत्सव के लिए अतिथियों ने लांच किया। इस दौरान प्रेस क्लब के वरीय उपाध्यक्ष शशि भूषण, बलवंत कुमार, शरद पांडेय, मनोज शर्मा, चंदन पाल, सुरेंद्र यादव, प्रतीक पोपट, नवीन राय, दिलशाद खान, अरुण वर्णवाल, बलराम दुबे, शाहीद समेत अन्य मौजूद थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top