सुदिव्य सोनू को श्रद्धांजलि देने उमड़ा पीरटांड़
झारखंड ने एक अनमोल हीरा खो दिया : चमरा लिंडा
डीजे न्यूज, पीरटांड़(गिरिडीह) : पीरटांड़ स्थित सिद्धू-कान्हू मैदान में शनिवार को झामुमो परिवार की ओर से दिवंगत झारखंड सरकार के मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू की स्मृति में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। सभा में हजारों की संख्या में लोग पहुंचे। किसान, मजदूर, महिलाएं, बच्चे, बुजुर्ग और युवा समेत विभिन्न वर्गों के लोगों ने दिवंगत नेता के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस दौरान पूरा माहौल भावुक रहा।
सभा को संबोधित करते हुए झारखंड सरकार के अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री चमरा लिंडा ने कहा कि झारखंड ने एक अनमोल हीरा खो दिया है। श्रद्धांजलि सभा में उमड़ी हजारों लोगों की भीड़ यह बताने के लिए पर्याप्त है कि सुदिव्य कुमार सोनू का पीरटांड़ से कितना गहरा जुड़ाव था और उन्होंने क्षेत्र के विकास के लिए कितना काम किया। उन्होंने कहा कि पीरटांड़ में कृषि को बढ़ावा देने के लिए लगभग 700 करोड़ रुपये की मेगा लिफ्ट सिंचाई परियोजना उनकी महत्वपूर्ण देन है।
राज्यमंत्री का दर्जा प्राप्त फागू बेसरा ने कहा कि गिरिडीह को विकास की राह पर आगे बढ़ाने वाले एक बड़े नेता हमेशा के लिए लोगों को छोड़कर चले गए। उन्होंने कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू जाति और धर्म से ऊपर उठकर सभी लोगों के लिए काम करते थे।
पूर्व मंत्री बेबी देवी ने कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू के आकस्मिक निधन से गिरिडीह को अपूरणीय क्षति हुई है। उन्होंने कहा कि उनका सामाजिक जुड़ाव काफी मजबूत था। क्षेत्र में कहीं भी कोई घटना होती थी तो उसकी जानकारी उन्हें सबसे पहले मिल जाती थी। दिवंगत नेता को याद करते हुए बेबी देवी भावुक हो गईं।
सभा में वक्ताओं ने कहा कि पीरटांड़ को सुदिव्य कुमार सोनू जैसा नेता फिर नहीं मिलेगा। उनके निधन से झामुमो ही नहीं, बल्कि पूरे गिरिडीह जिले को अपूरणीय क्षति हुई है। वक्ताओं ने उनके कार्यों और क्षेत्र के प्रति उनके जुड़ाव को याद करते हुए कहा कि वे हमेशा आम लोगों के बीच रहकर उनकी समस्याओं को समझते और समाधान का प्रयास करते थे।
श्रद्धांजलि सभा को झामुमो जिलाध्यक्ष संजय सिंह, पूर्व विधायक केदार हाजरा, अखिलेश महतो राजू, युवराज महतो, नुनूराम किस्कू उर्फ टाइगर, कोलेश्वर सोरेन, सफीक अंसारी, पीरटांड़ प्रमुख सबिता टुडू, उप प्रमुख महेंद्र महतो और बरकत अली समेत कई नेताओं ने संबोधित किया।
इस अवसर पर गिरिडीह की महापौर प्रमिला मेहरा, उप महापौर सुमित कुमार, जिला सचिव महालाल सोरेन, हीरालाल महतो, महाबीर मुर्मू, बबली मरांडी, महेश मरांडी, शाहनवाज अंसारी, अजित कुमार पप्पू, दिलीप मंडल, कृष्ण मुरारी शर्मा, राकेश कुमार रॉकी, शत्रुघ्न मंडल, दिलीप रजक, अभय सिंह, युसूफ अंसारी, मेहताब मिर्जा समेत बड़ी संख्या में झामुमो कार्यकर्ता व समर्थक मौजूद थे।
सभा की अध्यक्षता झामुमो प्रखंड अध्यक्ष बिरजू मरांडी ने की, जबकि संचालन मो. सफदर ने किया। धन्यवाद ज्ञापन हीरालाल महतो ने किया। अंत में उपस्थित लोगों ने बारी-बारी से दिवंगत मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।