5-डे बैंकिंग की मांग पर बैंक बंद, धनबाद में 300 करोड़ तक का कारोबार प्रभावित

5-डे बैंकिंग की मांग पर बैंक बंद, धनबाद में 300 करोड़ तक का कारोबार प्रभावित

डीजे न्यूज, धनबाद : पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करने समेत विभिन्न मांगों को लेकर शुक्रवार को धनबाद में बैंकिंग सेवाएं प्रभावित रहीं। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (यूएफबीयू) के आह्वान पर बैंककर्मी एक दिवसीय हड़ताल पर रहे। जिले की 200 से अधिक बैंक शाखाओं में कामकाज ठप रहने से करीब 250 से 300 करोड़ रुपये का कारोबार प्रभावित होने का दावा बैंक संगठनों ने किया।

हड़ताल के दौरान हीरापुर, बैंक मोड़, पुलिस लाइन, सरायढेला और मटकुरिया समेत विभिन्न क्षेत्रों में बैंक कर्मचारियों ने प्रदर्शन किया और अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी की। कर्मचारियों ने कहा कि पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करने को लेकर करीब दो वर्ष पहले सहमति बनी थी, लेकिन अब तक इसे लागू नहीं किया गया है।

हीरापुर स्थित इंडियन बैंक के अधिकारी विवेक कुमार ने कहा कि सरकार और बैंक प्रबंधन की ओर से बार-बार मांग पर विचार किए जाने का आश्वासन दिया जाता है, लेकिन ठोस निर्णय नहीं लिया जा रहा है। कर्मचारियों ने बैंकों में तत्काल पांच दिवसीय कार्य व्यवस्था लागू करने की मांग की।

बैंक संगठन के सचिव राजीव कुमार रंजन ने कहा कि एलआईसी की तर्ज पर बैंकों में भी पांच-डे बैंकिंग व्यवस्था लागू की जानी चाहिए। इसके अलावा पीएलआई यानी परफॉर्मेंस लिंक्ड इंसेंटिव में मौजूद विसंगतियों को दूर करने की मांग भी प्रमुख है।

बैंक कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर जल्द निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। आने वाले समय में तीन दिवसीय हड़ताल और इसके बाद अनिश्चितकालीन हड़ताल का भी रास्ता अपनाया जा सकता है।

हड़ताल के कारण एसबीआई, इंडियन बैंक, बैंक ऑफ इंडिया, पीएनबी, केनरा बैंक, यूनियन बैंक, सेंट्रल बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा समेत सार्वजनिक क्षेत्र के अधिकांश बैंकों की शाखाओं में नियमित कामकाज प्रभावित रहा। हालांकि, ग्राहकों की सुविधा के लिए एटीएम और ऑनलाइन बैंकिंग सेवाएं चालू रहीं।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top