तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार को मारी टक्कर, जख्मी
डीजे न्यूज, झरिया(धनबाद): जोड़ापोखर थाना क्षेत्र के जेलगोरा के समीप गुरुवार को सड़क दुर्घटना में एक मोटरसाइकिल सवार गंभीर रूप से जख्मी हो गया है । स्थानीय लोगों ने आनन फानन में जख्मी को जेलगोरा अस्पताल में भर्ती कराया है। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची । बताया जा रहा है कि झरिया की ओर से तेज रफ्तार में आ रही एक कार ने गुरुवार की रात करीब 11:15 बजे जेलगोरा बीसीसीएल गेस्ट हाउस के समीप एक मोटरसाइकिल सवार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से जख्मी हो गया। जख्मी की पहचान नहीं हो पाई है।
घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों की मदद से जख्मी को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
इधर, घटना के बाद कार को पकड़ लिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। घटना के कारण कुछ देर के लिए मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।