दो दिवसीय मानसून खेल उत्सव 16 से
डीजे न्यूज, धनबाद: 99 ग्रुप ऑफ़ कंपनीज की ओर से धनबाद प्रेस क्लब के पत्रकारों के लिए दो दिवसीय मानसून खेल उत्सव का 16 और 17 सितंबर को होगा। गुरुवार को खेल आयोजन की लॉन्चिंग की गई, जबकि 12 सितंबर को खिलाड़ियों की ड्रेस लॉन्चिंग की जाएगी।
इस वर्ष नगर निगम चुनाव को ध्यान में रखते हुए पहली बार 99 ग्रुप ऑफ़ कंपनीज के खेल ऑडिटोरियम में इंडोर गेम्स का आयोजन किया जा रहा है।
पत्रकारों के बीच खेल भावना और आपसी समन्वय को बढ़ावा देने के उद्देश्य से यह आयोजन किया जा रहा है।
अनावरण के मौके पर सहायक नगर प्रशासक प्रतिभा कुमारी ने कहा कि खेल से आपसी समन्वय और सहयोग की भावना मजबूत होती है। पत्रकारों की कार्यव्यस्तता काफी अधिक रहती है। ऐसे में तनाव कम करने और आपस में बेहतर संवाद के लिए इस तरह के आयोजन होते रहने चाहिए।
जिला जनसंपर्क पदाधिकारी सुनील सिंह ने कहा कि यह आयोजन बहुत ही अच्छा प्रयास है। मीडिया कर्मी विषम परिस्थितियों में काम करते हैं। इस खेल महोत्सव को उत्सव के रूप में लें।
99 ग्रुप के अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक श्याम पांडेय ने कहा कि खेल जीवन से जुड़ी महत्वपूर्ण कड़ी है। मानसून खेल उत्सव का उद्देश्य सभी पत्रकारों को एक मंच पर लाकर साथ समय बिताने और आपसी संबंधों को मजबूत करने का प्रयास है।
मॉनसून खेल उत्सव का आयोजन 99 ग्रुप स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में किया जायेगा। प्रतियोगिता में बैडमिंटन, शतरंज, लूडो और कैरम का स्पर्धा होगा। कार्यक्रम का संचालन प्रेस क्लब के महासचिव अजय प्रसाद ने किया। इस दौरान वरीय उपाध्यक्ष शशि भूषण राय, कोषाध्यक्ष मनोज शर्मा, बलवंत कुमार, शरद पांडेय, प्रतीक पोपट, नवीन राय, सुरेंद्र यादव, चंदन पाल, रौशन कुमार, शिल्पी सिंह, कन्हैया पांडेय, शैलेश रावल, प्रकाश कुमार, गौतम डे, महफूज आलम, रवींद्र चौरसिया, नीतीश चौरसिया, निकुंज, धर्मेंद्र पांडे, शाहिद, विपिन कुमार, दिलशाद खान तथा 99 ग्रुप के अमित रंजन सहित कई पत्रकार मौजूद थे।