बलियापुर में महिला का कंकाल मिलने से सनसनी, शव की पहचान में जुटी पुलिस

बलियापुर में महिला का कंकाल मिलने से सनसनी, शव की पहचान में जुटी पुलिस

बड़ा सवाल: आखिर महिला जंगल में पहुंची कैसे? जाते हुए महिला पर किसी की नजर क्यों नहीं पड़ी?

डीजे न्यूज, बलियापुर(धनबाद): बलियापुर थाना क्षेत्र के हरहरि गांव के टेकाघुटू स्थित डोभा के पानी में गुरुवार को कंकाल मिलने से सनसनी फैल गई। घटनास्थल सुनसान व जंगल से घिरा हुआ है। शव मिलने की सूचना पाकर लोगों की भीड़ वहां जुट गई। पुलिस भी मौके पर पहुंची और डोभा के पानी से शव को बाहर निकाला। पेटीकोट व साड़ी में लिपटा शव को देख लोग इसे किसी महिला के होने का कयास लगा रहे हैं। शव पूरी तरह सड़ा हुआ था। सिर्फ कंकाल का नजर आ रहा था। घटनास्थल की तहकीकात करने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए धनबाद भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है । समाचार लिखे जाने तक शव की पहचान नहीं हो पाई है।
बताया जाता है कि गांव की महिलाएं एक दिन पूर्व जंगल में मशरूम की खोज में भटकते वक्त डोभा के पानी में उपलाता हुआ कंकाल देखा। यह सूचना गांव में फैल गई । आज सुबह लोगों ने इसकी सूचना बलियापुर पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी सत्यजीत कुमार, एसआई अशोक कुमार दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और तहकीकात की। मौके पर जेएलकेएम नेता आशीष महतो समेत काफी संख्या में ग्रामीण पहुंचे थे। शव के शरीर में कमर के नीचे हल्का पीला रंग का साया था।  शव की स्थिति को देख एक महीने से भी अधिक समय से पड़े रहने का कयास लोग लगा रहे थे। पुलिस ने शव की शिनाख्त कराने की कोशिश की, लेकिन कोई भी पहचान नहीं पाए। लोग सवाल उठा रहे थे कि आखिर महिला जंगल में कैसे पहुंची? क्या उसकी हत्या कर शव को डोभा के पानी में फेंका गया है? अगर महिला किसी के साथ वहां आई होगी तो आते हुए किसी ने उसे देखा क्यों नहीं? इन सारे सवालों के जवाब पुलिस अनुसंधान के बाद ही आने की संभावना है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top