आज केवल गिरिडीह ही नहीं बल्कि पूरे झारखंड ने एक संवेदनशील, कर्मठ और जनप्रिय नेता खो दिया : शमा परवीन

आज केवल गिरिडीह ही नहीं बल्कि पूरे झारखंड ने एक संवेदनशील, कर्मठ और जनप्रिय नेता खो दिया : शमा परवीन

बालिका उच्च विद्यालय पचंबा में मंत्री सुदिव्य सोनू के निधन पर शोकसभा

डीजे न्यूज, गिरिडीह : बालिका उच्च विद्यालय पचंबा में मंगलवार को झारखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के आकस्मिक निधन पर शोकसभा आयोजित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। शोकसभा में विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं, शिक्षकेत्तर कर्मी एवं छात्राएं शामिल हुईं। सभी ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

शोकसभा को संबोधित करते हुए विद्यालय की प्रधानाध्यापिका शमा परवीन ने स्वर्गीय सुदिव्य कुमार सोनू के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद करते हुए उनके जनसेवा और विकास कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू ने गिरिडीह के साथ-साथ पूरे झारखंड के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

शमा परवीन ने कहा, “आज केवल गिरिडीह ही नहीं, बल्कि पूरे झारखंड ने एक संवेदनशील, कर्मठ और जनप्रिय नेता खो दिया है। उनके असमय निधन से उत्पन्न रिक्तता की भरपाई करना मुश्किल ही नहीं, नामुमकिन है।”

उन्होंने कहा कि उच्च एवं तकनीकी शिक्षा, नगर विकास एवं आवास तथा पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य जैसे महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी संभालते हुए सुदिव्य कुमार सोनू ने जनहित से जुड़े कई कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाई।

शोकसभा के अंत में विद्यालय परिवार ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करने तथा शोकाकुल परिजनों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top