शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए रोटरी ने 11 शिक्षकों को किया सम्मानित
डीजे न्यूज, गिरिडीह : शिक्षक दिवस के अवसर पर रोटरी गिरिडीह की ओर से रोटरी नेत्र चिकित्सालय स्थित रोटरी सभागार में शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह की शुरुआत राष्ट्रगान के साथ हुई। इसके बाद रोटरी गिरिडीह के अध्यक्ष ने पूर्व राष्ट्रपति एवं महान शिक्षाविद् भारत रत्न डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन को श्रद्धापूर्वक नमन किया।
उन्होंने कहा कि शिक्षक केवल विद्यार्थियों को शिक्षा देने का कार्य नहीं करते, बल्कि समाज और राष्ट्र के निर्माण में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने शिक्षकों से डॉ. राधाकृष्णन के आदर्शों को आत्मसात करते हुए शिक्षा के माध्यम से समाज को नई दिशा देने की अपील की।
समारोह के दौरान शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय एवं उत्कृष्ट कार्य करने वाले 11 शिक्षकों को रोटरी गिरिडीह की ओर से शॉल ओढ़ाकर, प्रशस्ति पत्र एवं उपहार प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मानित शिक्षकों में डॉ. एसके मुज़वर रहमान, दयानंद कुमार, प्रधानाध्यापक गिरिडीह +2 हाई स्कूल, संजीव कुमार, पीएम श्री हाई स्कूल धनीडीह, समा परवीन, गर्ल्स हाई स्कूल पचम्बा, सुमित कुमार, एनएसके महेशलुंडी, इंद्रदेव साव, सीएम बालिका उच्च विद्यालय गिरिडीह, गौरी मुखर्जी, गिरिडीह +2 हाई स्कूल, शशिकांत सिन्हा, +2 हाई स्कूल खरियोडीह, देव बनर्जी, बीएनएस डीएवी गिरिडीह, गौतम दत्ता, किरण पब्लिक स्कूल गिरिडीह तथा नलिन कुमार, सरस्वती शिशु विद्या मंदिर गिरिडीह शामिल रहे।
सम्मानित शिक्षकों ने भी समारोह को संबोधित करते हुए शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा समाज में सकारात्मक बदलाव का आधार है। शिक्षकों ने रोटरी गिरिडीह की ओर से किए जा रहे विभिन्न सामाजिक कार्यों की सराहना करते हुए संस्था के प्रति आभार जताया।
समारोह को सफल बनाने में रोटरी सचिव मनीष बर्णवाल, राजेंद्र बगड़िया, गुणवंत सिंह मोंगिया, डॉ. सज्जन डोकानिया, प्रदीप डालमिया, डॉ. विनय गुप्ता, राजेंद्र भारतीया, अभिषेक जैन, मयंक रजगढ़िया, तरनजीत सिंह, गुरप्रीत सिंह, नवीन सेठी, प्रभाष दत्ता, सारंग केडिया, मुकेश आनंद, अमित डे, मंजीत सिंह, पीयूष मुसद्दी सहित रोटरी गिरिडीह के कई सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।