अनुशासन और लक्ष्य के साथ आगे बढ़ें विद्यार्थी, सफलता कदम चूमेगी : पुष्पेंद्र सिंह तंवर

अनुशासन और लक्ष्य के साथ आगे बढ़ें विद्यार्थी, सफलता कदम चूमेगी : पुष्पेंद्र सिंह तंवर

नवचयनित पदाधिकारियों ने ली जिम्मेदारी की शपथ

डीजे न्यूज, कतरास(धनबाद) : शिक्षक दिवस के अवसर पर डीएवी पब्लिक स्कूल बरोरा में शनिवार को छात्र परिषद का भव्य पदग्रहण एवं अलंकरण समारोह आयोजित किया गया। समारोह में केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के डिप्टी कमांडेंट पुष्पेंद्र सिंह तंवर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान नवचयनित छात्र परिषद के पदाधिकारियों को बैच एवं सैश प्रदान कर उनके दायित्व सौंपे गए तथा उन्हें कर्तव्यनिष्ठा और अनुशासन के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन करने की शपथ दिलाई गई।
समारोह की शुरुआत विद्यालय के प्राचार्य डॉ. शरद कुमार श्रीवास्तव द्वारा मुख्य अतिथि पुष्पेंद्र सिंह तंवर का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत करने के साथ हुई। इसके बाद अलंकरण समारोह में हेड बॉय, हेड गर्ल, स्कूल कैप्टन सहित विभिन्न हाउस कैप्टनों को मुख्य अतिथि एवं प्राचार्य ने बैच और सैश प्रदान किए।
समारोह को संबोधित करते हुए डिप्टी कमांडेंट पुष्पेंद्र सिंह तंवर ने विद्यार्थियों को अनुशासन, निरंतरता और लक्ष्य के प्रति समर्पण का महत्व बताया। उन्होंने कहा कि यदि विद्यार्थी अनुशासन के साथ अपने जीवन का लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर अध्ययन और मेहनत करें, तो सफलता निश्चित रूप से उनके कदम चूमेगी। अनुशासन ही जीवन में बड़े से बड़े मुकाम को हासिल करने की कुंजी है।
प्राचार्य डॉ. शरद कुमार श्रीवास्तव ने नवचयनित छात्र पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि छात्र परिषद विद्यालय की व्यवस्था और नेतृत्व क्षमता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों को पूरी निष्ठा, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top