बलियापुर की खबरें:-

बलियापुर की खबरें:-

एमएमडीआर विधेयक के खिलाफ की नारेबाजी

बलियापुर: प्रखंड कार्यालय के समक्ष 07 सितंबर को प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन को लेकर  झामुमो की बैठक शनिवार को चालधोवा में हुई। अध्यक्षता पूर्व मुखिया समीर मुर्मू ने की। बैठक में केंद्र सरकार के एमएमडीआर विधेयक के विरुद्ध जमकर नारेबाजी की गई। वक्ताओं ने कहा कि यह विधेयक लागू होने से झारखंड के विकास पर व्यापक असर पड़ेगा। लोगों ने विधेयक को जल्द वापस लेने की मांग की। धरना-प्रदर्शन को सफल बनाने की अपील लोगों ने की। मौके पर 20 सूत्री के प्रखंड अध्यक्ष राजेंद्र किस्कू, नुनु लाल हेंब्रम, सुधीर हांसदा, नवीन चंद्र मुर्मू, सुभाष मुर्मू, नारायण मुर्मू, रामचंद्र हरदा, सुशीला देवी आदि थे।
————————————————–

अधिगृहित भूमि पर काम नहीं करने देने का निर्णय

बलियापुर: मुकुंदा ओपन कास्ट प्रोजेक्ट के नाम पर बीसीसीएल द्वारा जमीन अधिग्रहण के बाद विस्थापित हुए रैयतों की बैठक शनिवार को बेलगड़िया में संपन्न हुई। बैठक में 16 गांवो के विस्थापितों ने भाग लिया। बैठक में निर्णय लिया गया कि अब तक अधिग्रहित जिन भूमि के बदले बीसीसीएल द्वारा नियोजन नहीं दिया गया है वैसे जमीन पर कार्य का पुरजोर विरोध किया जाएगा। इसके लिए विस्थापितों को एकजुट रहने का आह्वान किया गया। बैठक में अतुल सिंह, जगनारायण सिंह, सुभाष सिंह चौधरी, विकास सिंह चौधरी, लखन महतो, गौतम सिंह, सीरीष सिंह, अनिल मंडल, श्रीनाथ सिंह, हरिंदर सिंह आदि मौजूद थे।
—————————————————-

सेवानिवृत्त शिक्षक हुए सम्मानित

बलियापुर: शिक्षक दिवस के अवसर पर शनिवार को बलियापुर क्षेत्र के कई शिक्षण संस्थानों में कार्यक्रम आयोजित कर देश के दूसरे राष्ट्रपति डॉक्टर सर्वपल्ली राधाकृष्णन को श्रद्धांजलि दी गई । इस अवसर पर लायंस क्लब बलियापुर की ओर से आयोजित कार्यक्रम में सेवानिवृत्त शिक्षक आसनलिया गांव निवासी हरिपद किस्कू को सम्मानित किया गया। प्रजन्य बीएड कॉलेज बलियापुर में सचिव भाजपा नेत्री तारा देवी, जितेंद्र सिंह, रामस्वरूप यादव, प्राचार्य डॉक्टर सजल बनारसी आदि थे। राजकीयकृत मध्य विद्यालय समेत क्षेत्र के अन्य शिक्षण संस्थानों में भी शिक्षक दिवस पर पूर्व राष्ट्रपति डॉक्टर एस राधाकृष्णन को श्रद्धांजलि दी गई।
—————————————————–

कांग्रेस के पूर्व प्रखंड अध्यक्ष का निधन

बलियापुर: बलियापुर प्रखंड कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ब्राह्मणडीहा के हुचूकटांड़ निवासी 60 वर्षीय ईदू अंसारी का शनिवार को निधन हो गया। कुछ दिनों से उनका स्वास्थ्य काफी खराब चल रहा था। उनके परिवार में पत्नी के अलावा दो पुत्र एवं दो पुत्रियां हैं। उनके निधन का समाचार पाकर विधायक चंद्रदेव महतो, झामुमो नेता जग्गू महतो, महावीर महतो, समीर मुर्मू, नुनूलाल हेंब्रम, राजेंद्र किस्कू, अल्ताफ खान, अशोक मोदक आदि ने गहरा शोक व्यक्त किया है ।
——————————————————
सामाजिक कार्यकर्ता को मातृशोक

बलियापुर: भागरामपुर के सामाजिक कार्यकर्ता हीरालाल महतो की माता 95 वर्षीय बुधनी देवी का शनिवार को निधन हो गया। उनके निधन की सूचना पाकर झामुमो नेता जग्गू महतो, महावीर महतो, निर्मल रजवार, राजेंद्र हेंब्रम, त्रिलोचन महतो, विजय महतो आदि उनके आवाज पर पहुंचे। परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना प्रकट किया।
—————————————————–
खेलकूद प्रतियोगिता के विजेता हुए सम्मानित

बलियापुर: अनिकेत एजुकेशन एंड वेलफेयर सोसाइटी पलानी की ओर से शनिवार को शिक्षक दिवस के मौके पर स्कूली बच्चों के बीच खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। चयनित प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान किया। मौके पर माथुर मंडल, गौतम कुमार, उमेश पांडे, उमाकांत महतो, कुमकुम कुमारी, बरसा देवी, सीमा पासवान, विकास सिंह, सोनाली मंडल, आशा कुमारी, प्रतिमा मंडल, रीना देवी आदि थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top