स्थापना दिवस पर कृष्णमय हुआ कृष्ण किशोर लाल मेमोरियल स्कूल, दही हांडी और राधा-कृष्ण की झांकी ने मोहा मन
डीजे न्यूज, टुंडी,धनबाद : टुंडी के कोलहर स्थित कृष्ण किशोर लाल मेमोरियल स्कूल में शुक्रवार को विद्यालय का स्थापना दिवस एवं श्रीकृष्ण जन्माष्टमी उत्सव हर्षोल्लास और भक्तिमय माहौल में मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय की डायरेक्टर अरुणा सिन्हा ने दीप प्रज्वलित कर की। इसके बाद कृष्ण किशोर लाल एवं बाल कृष्ण के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित की गई।
विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि जिस कृष्ण किशोर लाल के नाम पर विद्यालय की स्थापना की गई है, उनका जन्मदिन भी जन्माष्टमी के दिन ही पड़ता है। इस कारण स्थापना दिवस और जन्माष्टमी का आयोजन विद्यालय परिवार के लिए विशेष महत्व रखता है।
समारोह के दौरान विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने एक से बढ़कर एक रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। बच्चों ने गीत, नृत्य एवं धार्मिक प्रस्तुतियों के माध्यम से श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं को जीवंत कर दिया। दही हांडी कार्यक्रम समारोह का मुख्य आकर्षण रहा। बच्चों के उत्साह और उमंग से पूरा विद्यालय परिसर तालियों और जयकारों से गूंज उठा।
वहीं विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत राधा-कृष्ण रूप सज्जा कार्यक्रम ने भी उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। नन्हे-मुन्ने बच्चों को राधा और कृष्ण के रूप में देखकर दर्शकों ने जमकर सराहना की।
कार्यक्रम को सफल बनाने में प्राचार्य प्रशांत कुमार सिन्हा, उप प्राचार्य वंदना सिन्हा, कैलाश रजक, सुजीत यादव, महावीर मोदक, प्रियंका वर्मा, प्रीति कुमारी, रंजीता जायसवाल, गोवर्धन सिंह, चंदन शर्मा, लक्ष्मी भारती, पूजा मुखर्जी, सुमन कुमार, यूनुस बास्की, रवि राणा, जितेंद्र मंडल सहित विद्यालय के सभी शिक्षकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।