पालगंज में आधी रात गूंजा ‘नंद के आनंद भयो’, श्री बंशीधर मंदिर में जन्माष्टमी पर झूमे श्रद्धालु
डीजे न्यूज, पीरटांड़,गिरिडीह : पालगंज स्थित श्री बंशीधर मंदिर में आयोजित चार दिवसीय श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव के तीसरे दिन भक्ति और उत्सव का अद्भुत संगम देखने को मिला। भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए गिरिडीह जिले के अलावा धनबाद, देवघर, जमशेदपुर, कोडरमा, हजारीबाग, चतरा, रांची, रामगढ़ सहित बिहार, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, छत्तीसगढ़, बनारस और मध्य प्रदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। दिनभर मंदिर परिसर भक्तों से गुलजार रहा।
संध्या समय मंदिर के शिखर गुम्बद पर ध्वजारोहण किया गया और भगवान की आरती उतारी गई। इसके बाद आम श्रद्धालुओं के लिए मंदिर के पट खोल दिए गए। रात करीब 9:30 बजे पंडित शरत भक्त ने श्रीमद्भागवत कथा के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण के जन्म प्रसंग का वाचन किया। इस दौरान श्रीमद्भागवत महापुराण की विशेष पूजा-अर्चना और आरती की गई।
रात 11 बजे से मंदिर परिसर में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम शुरू हुआ। कलाकारों ने भजन एवं अन्य धार्मिक प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को देर रात तक बांधे रखा। कार्यक्रम का उद्घाटन अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। करीब रात दो बजे तक चले कार्यक्रम के बाद मंदिर के महंत शिशिर भक्त ने गर्भगृह में भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव संपन्न कराया।
भगवान के जन्म के साथ ही मंदिर परिसर ‘नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की’ के जयघोष से गूंज उठा। सैकड़ों श्रद्धालु भक्ति में झूम उठे। इसके बाद बधाई कार्यक्रम का दौर शुरू हुआ, जो सुबह करीब चार बजे तक चला। भक्त परिवार की ओर से श्रद्धालुओं के बीच चॉकलेट, गुब्बारे, खिलौने और वस्त्र आदि का वितरण किया गया।
अंत में भगवान की महाआरती की गई और श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण हुआ। महोत्सव को सफल बनाने में निकुंज केतन भक्त, चरित्र निकेतन भक्त, भुवन भक्त, वशिष्ठ उपाध्याय, विपुल वत्सल, अरविंद भक्त, भगवत भक्त, पवन मंदिरवार, अनूप भक्त, धीरज राम, गुडुम रजक समेत दर्जनों लोगों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।