सम्मेद शिखर की पवित्रता पर उठे सवाल, विश्व जैन संगठन ने सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण की मांग तेज की

सम्मेद शिखर की पवित्रता पर उठे सवाल, विश्व जैन संगठन ने सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण की मांग तेज की

डीजे न्यूज, गिरिडीह/नोएडा : झारखंड के गिरिडीह जिले में स्थित जैन धर्म के सर्वोच्च तीर्थ श्री सम्मेद शिखर जी (पारसनाथ पर्वतराज) की पवित्रता और पर्यावरण संरक्षण को लेकर विश्व जैन संगठन ने केंद्रीय वन मंत्रालय और झारखंड सरकार से ठोस कदम उठाने की मांग की है। संगठन ने पर्वतराज के प्रवेशद्वार पर यात्रियों का पंजीकरण, सामान की जांच, स्कैनर और बैरियर युक्त चेक पोस्ट स्थापित करने के साथ सीसीटीवी कैमरे एवं सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की।

नोएडा मीडिया क्लब में आयोजित प्रेस वार्ता में विश्व जैन संगठन के अध्यक्ष संजय जैन ने कहा कि पर्वतराज पर सुरक्षा एवं निगरानी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने के कारण फिल्मी गानों पर अश्लील वीडियो व रील बनाने, नशा करने, बाइक चलाने और अन्य गैर-धार्मिक गतिविधियों की शिकायतें सामने आ रही हैं। इससे तीर्थ की धार्मिक पवित्रता के साथ पर्यावरण को भी नुकसान पहुंच रहा है, जिसे लेकर जैन समाज में चिंता है।

उन्होंने कहा कि वंदना मार्ग को अवैध अतिक्रमण से मुक्त कराया जाए तथा पर्वतराज पर बाइक संचालन, किसी भी प्रकार के नशे, प्लास्टिक सामग्री के इस्तेमाल और फिल्मी गानों पर वीडियो रील बनाने जैसी गतिविधियों पर प्रतिबंध लगाया जाए।

भ्रामक प्रचार पर संगठन ने दी सफाई

संजय जैन ने कहा कि सम्मेद शिखर जी की पवित्रता बनाए रखने को लेकर संगठन की ओर से की जा रही मांगों को लेकर सोशल मीडिया पर भ्रामक जानकारी प्रसारित की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि संगठन ने मधुबन के स्थानीय समाज, किसी संस्था, नेता अथवा किसी राजनीतिक दल के खिलाफ कोई बयान या मांग नहीं की है। इसी भ्रम को दूर करने के लिए विशेष प्रेस वार्ता आयोजित की गई।

संगठन के राष्ट्रीय महामंत्री राहुल जैन, राष्ट्रीय मंत्री अनुज जैन और राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी आकाश जैन ने कहा कि प्राचीन जैन शास्त्रों के साथ केंद्र एवं राज्य सरकारों, पुरातत्व विभाग और झारखंड सरकार द्वारा भी श्री सम्मेद शिखर जी पारसनाथ पर्वतराज को जैन धर्म के 24 तीर्थंकरों में से 20 तीर्थंकरों की मोक्षस्थली के रूप में सम्मान दिया गया है। ऐसे पवित्र तीर्थ की धार्मिक गरिमा और प्राकृतिक स्वरूप को बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि जैन समाज किसी भी धर्म या संस्कृति का विरोध नहीं करता। संगठन का उद्देश्य केवल तीर्थराज की पवित्रता, धार्मिक मर्यादा और पर्यावरण की रक्षा सुनिश्चित कराना है।

प्रेस वार्ता में संगठन की नोएडा शाखा अध्यक्ष के.के. जैन, वीरेंद्र जैन, अभिषेक जैन, युवा प्रकोष्ठ के महामंत्री सागर जैन, सेक्टर-27 जैन मंदिर के प्रधान पवन कुमार जैन, सेक्टर-50 जैन मंदिर के प्रधान प्रदीप चंद्र जैन, सीए विपुल जैन, लक्ष्मी नगर शाखा अध्यक्ष अतुल जैन एडवोकेट सहित विभिन्न जैन संस्थाओं के पदाधिकारी एवं समाज के गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top