झारखंड के शहरी जिलों में बसेंगे नए सैटलाइट टाउनशिप : सीएम हेमंत सोरेन 

झारखंड के शहरी जिलों में बसेंगे नए सैटलाइट टाउनशिप : सीएम हेमंत सोरेन 

डीजे न्यूज, रांची : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गुरुवार को झारखंड मंत्रालय में अधिकारियों के साथ ग्रेटर रांची डेवलपमेंट अथॉरिटी (GRDA) और रांची स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत भूमि संबंधी मामलों की उच्चस्तरीय समीक्षा की। बैठक में राज्य में सुनियोजित शहरी विस्तार, आधुनिक आधारभूत संरचना और भविष्य की जरूरतों के अनुरूप शहरों के विकास पर विस्तार से चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि स्मार्ट सिटी की तर्ज पर राज्य के अन्य शहरीकृत जिलों में सैटलाइट टाउनशिप विकसित करने की संभावनाओं का समग्र अध्ययन किया जाए। उन्होंने संबंधित जिलों में उपलब्ध भूमि, कनेक्टिविटी, आधारभूत संरचना, नागरिक सुविधाओं, रोजगार के अवसरों और भविष्य की आबादी की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए ठोस कार्ययोजना तैयार करने को कहा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि शहरीकरण को केवल भवन और सड़क निर्माण तक सीमित नहीं रखा जाना चाहिए। शहरों का विकास नागरिक-केंद्रित, सुरक्षित, समावेशी और भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप होना चाहिए। ऐसे आधुनिक और टिकाऊ शहरी केंद्र विकसित किए जाएं, जहां लोगों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं, सुगम आवागमन और गुणवत्तापूर्ण सार्वजनिक सेवाएं उपलब्ध हों।

रांची स्मार्ट सिटी के विस्तार की भी बनेगी योजना

बैठक में रांची स्मार्ट सिटी के वर्तमान स्वरूप और उपलब्ध संसाधनों की समीक्षा के साथ भविष्य में इसके विस्तार की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने बढ़ती आबादी और आर्थिक गतिविधियों को देखते हुए स्मार्ट सिटी के दीर्घकालिक एवं संतुलित विकास के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया।

इस दौरान हैवी इंजीनियरिंग कॉरपोरेशन लिमिटेड (HEC) के साथ भूमि समेत अन्य विषयों को लेकर भविष्य में वार्ता किए जाने के संबंध में भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को सभी पहलुओं का अध्ययन कर आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने को कहा।

निवेश और रोजगार के नए अवसरों पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि आधुनिक शहरी परियोजनाओं के जरिए नागरिकों को बेहतर सुविधाएं देने के साथ-साथ निवेश, रोजगार, व्यापार और आर्थिक गतिविधियों के नए अवसर भी पैदा किए जा सकते हैं। उन्होंने परियोजनाओं से जुड़े अधिकारियों को भूमि संबंधी कार्यों सहित सभी प्रक्रियाओं में बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए तेजी लाने और निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने का निर्देश दिया।

बैठक में मुख्य सचिव अविनाश कुमार, विकास आयुक्त अजय कुमार सिंह, नगर विकास विभाग के प्रधान सचिव सुनील कुमार, वित्त विभाग के सचिव प्रशांत कुमार, उद्योग विभाग के सचिव अरवा राजकमल, राजस्व विभाग के सचिव चंद्रशेखर, रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री, स्मार्ट सिटी के सीईओ सूरज कुमार, जीयाडा के एमडी वरुण रंजन, स्मार्ट सिटी के महाप्रबंधक राकेश कुमार नंदकुलियार समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top