नागदा जंक्शन से रहस्यमय तरीके से लापता हुआ सरिया का प्रवासी मजदूर, परिवार की बढ़ी चिंता

नागदा जंक्शन से रहस्यमय तरीके से लापता हुआ सरिया का प्रवासी मजदूर, परिवार की बढ़ी चिंता

डीजे न्यूज, सरिया,गिरिडीह : रोजगार की तलाश में मध्य प्रदेश गया सरिया थाना क्षेत्र के गोविंदपुर निवासी प्रवासी मजदूर मनोज कुमार महतो 11 अगस्त की रात नागदा जंक्शन से अचानक लापता हो गया। कई दिन बीत जाने के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिलने से परिजनों की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है। पत्नी चमेली देवी समेत पूरा परिवार मनोज की सकुशल वापसी की आस लगाए बैठा है।

मनोज कुमार महतो स्व. नारायण महतो का पुत्र है। वह 6 अगस्त 2026 को तिरला निवासी ठेकेदार रामकिशोर महतो के माध्यम से एलएंडटी कंपनी में काम करने मध्य प्रदेश गया था। बताया गया कि 11 अगस्त की रात करीब 11 बजे नागदा जंक्शन से उसके लापता होने की जानकारी मिली। इसके बाद परिजनों ने अपने स्तर से काफी खोजबीन की, लेकिन अब तक मनोज का कोई पता नहीं चल सका है। मोबाइल फोन पर भी संपर्क नहीं हो पा रहा है।

परिवार का इकलौता कमाऊ सदस्य था मनोज

परिजनों के मुताबिक मनोज परिवार का इकलौता कमाऊ सदस्य था। 11 जून 2023 को उसके भाई विनोद महतो की मौत के बाद परिवार की पूरी जिम्मेदारी मनोज के कंधों पर आ गई थी। ऐसे में उसके अचानक लापता होने से परिवार भावनात्मक परेशानी के साथ-साथ गंभीर आर्थिक संकट से भी जूझ रहा है।

हर फोन की घंटी पर टिकी है परिवार की उम्मीद

मनोज के लापता होने के बाद पत्नी चमेली देवी और बेटी प्रतिमा कुमारी का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार ने रांची स्थित प्रवासी नियंत्रण कक्ष में आवेदन देकर मनोज की सकुशल बरामदगी की गुहार लगाई है। परिजनों का कहना है कि हर फोन की घंटी बजने पर उन्हें मनोज की कोई खबर मिलने की उम्मीद होती है।

इधर, प्रवासी मजदूरों के हित में कार्य करने वाले समाजसेवी सिकन्दर अली ने मनोज के घर पहुंचकर परिजनों से मुलाकात की और हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। उन्होंने झारखंड सरकार और प्रशासन से मध्य प्रदेश पुलिस के सहयोग से मामले में तत्काल कार्रवाई करते हुए मनोज की तलाश तेज कराने की मांग की।

सरकार से परिजनों की मार्मिक गुहार

परिजनों ने झारखंड सरकार, प्रशासन और मध्य प्रदेश पुलिस से मनोज की जल्द तलाश कर उसे सकुशल घर वापस लाने की अपील की है। उनका कहना है कि कई दिनों से परिवार का सदस्य घर से दूर है और उसकी कोई जानकारी नहीं मिल रही है। परिजन उसकी सलामती को लेकर बेहद चिंतित हैं।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top