बरारी में धंसी जमीन, गोफ से आग की लपटें व धुआं निकलने से हड़कंप
डीजे न्यूज, झरिया(धनबाद): बीसीसीएल के लोदना क्षेत्र अंतर्गत बरारी छह नंबर बस्ती के समीप गुरुवार को जोरदार आवाज के साथ जमीन धंस गई और गोफ बन गया। गोफ से आग की लपटें और धुआं निकलने से आसपास के लोगों में दहशत का माहौल कायम हो गया।
घटनास्थल के समीप से लक्ष्मी कॉलोनी जाने वाला सड़क मार्ग भी खतरे की जद में आ गया है। स्थानीय लोगों को आशंका है कि यदि जमीन धंसने का दायरा बढ़ा तो सड़क मार्ग प्रभावित हो सकता है और आवागमन में गंभीर परेशानी उत्पन्न हो सकती है।
घटना के बाद बरारी छह नंबर बस्ती के लोगों में बीसीसीएल प्रबंधन के प्रति आक्रोश व्याप्त है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कोयला चोरी के उद्देश्य से क्षेत्र में सिरमुहान बनाया गया था, जिसके कारण इस प्रकार की स्थिति उत्पन्न हुई है। लोगों ने मामले की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा प्रभावित क्षेत्र को सुरक्षित करने की मांग की है।
जमीन धंसने की सूचना मिलने के बाद बीसीसीएल अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों द्वारा क्षेत्र की स्थिति का जायजा लिया जा रहा है। हालांकि, घटना के कारणों को लेकर प्रबंधन जांच में जुटी हुई है
स्थानीय लोगों ने प्रशासन और बीसीसीएल प्रबंधन से जल्द से जल्द सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है, ताकि किसी बड़ी दुर्घटना से बचा जा सके।