सुरक्षित गर्भपात विषय पर कार्यशाला आयोजित
डीजे न्यूज, कतरास(धनबाद): श्री कृष्णा मातृ सदन रानी बाजार कतरास में गुरुवार को “सुरक्षित गर्भपात” विषय पर कार्यशाला का आयोजन किया गया।
कार्यशाला में ईस्ट जॉन कॉर्डिनेटर (एमटीपी कमिटी) सह पूर्व विभागाध्यक्ष एस.एन.एम.एम.सीएच धनबाद प्रोफेसर डॉ प्रतिभा राय, सोसाइटी ऑफ ऑब्स्ट्रेटिस एंड गायनोकोलॉजी की सेक्रेटरी डॉ रीना बर्नवाल, श्री कृष्णा मातृ सदन की डायरेक्टर डॉ शिवानी झा एवं सात्विक आईवीएफ की डायरेक्टर डॉ नेहा प्रियदर्शिनी ( उपाध्यक्ष डीएसओजी धनबाद, उपाध्यक्ष झारखंड ISHAR ) उपस्थित थी।
वक्ताओं ने मरीज और उनके अभिभावकों को सुरक्षित गर्भपात के विषय में जागरूक किया। वक्ताओं ने कहा कि सुरक्षित गर्भपात महिलाओं के स्वास्थ्य और अधिकारों से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है। गर्भपात हमेशा प्रशिक्षित और योग्य स्वास्थ्यकर्मी की सलाह से मान्यता प्राप्त अस्पताल एवं रजिस्टर्ड डॉक्टर से करवाने पर जोर देते हुए कहा कि गर्भावस्था की अवधि के अनुसार सुरक्षित और उचित चिकित्सा विधि का चुनाव किया जाना चाहिए।
गर्भपात से पहले ब्लड ग्रुप एवं हीमोग्लोबिन टेस्ट, बिना डॉक्टर की सलाह के किसी प्रकार की दवा लेना या घरेलू उपचार नहीं करने, संक्रमण से बचाव के लिए स्वच्छ और चिकित्सकीय वातावरण का ध्यान रखने की विस्तृत जानकारी दी गई।
चिकित्सकों ने कहा कि गर्भपात के बाद पर्याप्त आराम और डॉक्टर की सलाह का पालन आवश्यक है। साथ ही अत्यधिक रक्तस्राव, तेज दर्द या बुखार होने पर तुरंत चिकित्सा सहायता लेने की सलाह दी गई।
कार्यक्रम को सफल बनाने में धीरज कुमार सिंह, मुन्ना झा, गीता देवी, मीना कुमारी, सुमन गोस्वामी, वीरेंद्र गोप, कृष्णा गोप एवं श्री कृष्णा मातृ सदन के सभी सदस्यों का महत्वपूर्ण भूमिका रही।