मतदाता सूची में नाम जुड़वाने का मौका, 13 बूथों पर एक भी आवेदन नहीं; डीसी ने BLO को दिए सख्त निर्देश
डीजे न्यूज, गिरिडीह : मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 के तहत 29-बगोदर और 33-डुमरी विधानसभा क्षेत्रों में मतदाता सूची को अपडेट करने की प्रक्रिया की समीक्षा की गई। जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त रामनिवास यादव ने गुरुवार को डुमरी प्रखंड सभागार और अनुमंडल कार्यालय सरिया में बीएलओ एवं बीएलओ सुपरवाइजर के साथ बैठक कर मतदान केंद्रवार प्रगति का जायजा लिया।
समीक्षा के दौरान सामने आया कि 5 अगस्त से 31 अगस्त 2026 तक 29-बगोदर विधानसभा क्षेत्र से 5,156 और 33-डुमरी विधानसभा क्षेत्र से 4,095 प्रपत्र-6 प्राप्त हुए हैं। दोनों विधानसभा क्षेत्रों को मिलाकर अब तक कुल 9,251 प्रपत्र-6 प्राप्त किए जा चुके हैं।
वहीं, दोनों विधानसभा क्षेत्रों के कुल 876 मतदान केंद्रों की समीक्षा में 13 मतदान केंद्र ऐसे मिले, जहां अब तक एक भी प्रपत्र-6 प्राप्त नहीं हुआ है। इनमें बगोदर विधानसभा क्षेत्र का एक और डुमरी विधानसभा क्षेत्र के 12 मतदान केंद्र शामिल हैं। डीसी ने इन बूथों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित बीएलओ को पात्र मतदाताओं की पहचान कर आवेदन प्राप्त करने का निर्देश दिया।
18 साल की उम्र पूरी करने वाले युवाओं पर विशेष फोकस
उपायुक्त ने निर्देश दिया कि 1 अक्टूबर 2026 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले सभी पात्र युवाओं की पहचान कर उनका प्रपत्र-6 प्राप्त किया जाए, ताकि उनका नाम मतदाता सूची में शामिल कराया जा सके। इसके अलावा छूटे हुए पात्र नागरिकों, नवविवाहित महिलाओं, नए निवासियों समेत अन्य पात्र लोगों की भी पहचान कर आवेदन लेने का निर्देश दिया गया।
नाम-पता में सुधार के लिए प्रपत्र-8 होगा ऑनलाइन
उपायुक्त ने कहा कि मतदाता सूची में दर्ज नाम, जन्मतिथि, पता, फोटो या अन्य विवरण में सुधार तथा निवास स्थान परिवर्तन के लिए पात्र मतदाताओं से प्रपत्र-8 प्राप्त किया जाए। प्राप्त प्रपत्र-8 को जरूरी दस्तावेजों के साथ BLO App के माध्यम से समयबद्ध तरीके से ऑनलाइन दर्ज करने का भी निर्देश दिया गया।
उन्होंने शून्य अथवा अपेक्षाकृत कम प्रपत्र-6 प्राप्त करने वाले मतदान केंद्रों पर विशेष ध्यान देने को कहा। संबंधित बीएलओ को अपने क्षेत्र के पात्र मतदाताओं की स्थिति की दोबारा समीक्षा कर यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे।
उपायुक्त ने सभी बीएलओ और बीएलओ सुपरवाइजर को निर्वाचन आयोग के निर्धारित प्रावधानों के तहत प्राप्त दावों एवं आपत्तियों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची को अद्यतन, पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने के लिए सभी स्तरों पर गंभीरता से कार्रवाई की जाए।