कोलकाता की विज्ञान और विरासत से रूबरू होंगे पचंबा के 30 विद्यार्थी, शैक्षणिक भ्रमण पर रवाना

कोलकाता की विज्ञान और विरासत से रूबरू होंगे पचंबा के 30 विद्यार्थी, शैक्षणिक भ्रमण पर रवाना

डीजे न्यूज, गिरिडीह : राज्य परियोजना निदेशालय, झारखंड परियोजना परिषद, रांची के निर्देशानुसार पीएम श्री शारदा कन्या मध्य विद्यालय, पचंबा के 30 छात्र-छात्राओं का दल शैक्षणिक भ्रमण के लिए कोलकाता रवाना हुआ। विद्यालय के प्रधानाध्यापक अशोक कुमार मिश्रा ने हरी झंडी दिखाकर विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के दल को रवाना किया।

प्रधानाध्यापक अशोक कुमार मिश्रा ने बताया कि शैक्षणिक भ्रमण के दौरान विद्यार्थी धनबाद जंक्शन से रेल मार्ग के जरिए हावड़ा पहुंचेंगे। कोलकाता में दो दिनों तक विद्यार्थी साइंस सिटी, विक्टोरिया भवन, इको पार्क और चिड़ियाघर समेत विभिन्न महत्वपूर्ण स्थलों का भ्रमण करेंगे।

उन्होंने कहा कि शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों के लिए कक्षा की पढ़ाई से अलग प्रत्यक्ष अनुभव प्राप्त करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। खासकर आज के वैज्ञानिक युग में साइंस सिटी जैसे संस्थानों का भ्रमण बच्चों में विज्ञान के प्रति रुचि बढ़ाने और वैज्ञानिक गतिविधियों को करीब से समझने में सहायक होगा। ऐतिहासिक एवं पर्यटक स्थलों के भ्रमण से विद्यार्थियों को वहां की संस्कृति, विरासत और विभिन्न गतिविधियों की जानकारी भी मिलेगी।

प्रधानाध्यापक ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम से बच्चों की बौद्धिक क्षमता, प्रतिभा, मानसिक विकास और शैक्षणिक समझ को बढ़ावा मिलता है। भ्रमण के दौरान विद्यार्थी जो कुछ सीखेंगे, उसे विद्यालय लौटने के बाद विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से प्रस्तुत और साझा किया जाएगा। इससे अन्य विद्यार्थियों को भी शैक्षणिक भ्रमण के अनुभवों से सीखने का अवसर मिलेगा।

शैक्षणिक भ्रमण दल में जिला समन्वयक दिलीप कुमार दास, शिक्षिका तनु प्रिया और स्वीटी कुमारी सहित अन्य शिक्षक एवं सहयोगी शामिल हैं। मौके पर शिक्षिका माया मरियम हसदा, पूनम कुमारी, सुनील कुमार, एसएमसी अध्यक्ष सोनी देवी, उपाध्यक्ष रश्मि देवी, काजल देवी, सदैव सोनी देवी, प्रिंसी देवी, पूजा देवी समेत विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

भ्रमण में शामिल विद्यार्थियों में सिद्धि कुमारी, परिधि कुमारी, सुधीर कुमार सहित कुल 30 छात्र-छात्राएं शामिल हैं। विद्यालय परिवार ने उम्मीद जताई कि यह शैक्षणिक यात्रा विद्यार्थियों के ज्ञान, अनुभव और आत्मविश्वास को नई दिशा देगी।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top