रामधून की तानों और भजनों से भक्तिरस में सराबोर हुआ कतरास

रामधून की तानों और भजनों से भक्तिरस में सराबोर हुआ कतरास

डीजे न्यूज, कतरास (धनबाद):
झींझीपहाड़ी स्थित बूढ़ानाथ बाबा शिव मंदिर प्रांगण में श्रद्धा और विश्वास के साथ भव्य धार्मिक अनुष्ठान का आयोजन किया गया। इस पावन अवसर पर मंदिर परिसर और आसपास का पूरा क्षेत्र श्रद्धालुओं की उपस्थिति तथा धार्मिक जयकारों से गुंजायमान रहा।
अनुष्ठान का शुभारंभ कतरी नदी के तट से निकली भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ। पारंपरिक परिधानों में सजे सैकड़ों महिला व पुरुष श्रद्धालुओं ने कतरी नदी के पवित्र तट से कलश में जल भरा और जयघोष करते हुए मंदिर प्रांगण पहुँचे। इसके पश्चात मुख्य आचार्य अशोक पांडेय द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के बीच कलश स्थापित कराकर विधिवत पूजा-अर्चना प्रारंभ कराई गई। गाँव के अनेक महिला व पुरुष श्रद्धालुओं ने यजमान के रूप में अनुष्ठान में भाग लिया और बूढ़ानाथ बाबा के दिव्य शिवलिंग पर जलाभिषेक व दुग्धाभिषेक कर क्षेत्र के कल्याण की कामना की। पूजन के उपरांत 24 घंटे के अखंड रामधून का शुभारंभ हुआ, जिसमें स्थानीय एवं आसपास के कई प्रसिद्ध भजन गायकों और संकीर्तन मंडलियों ने भाग लिया। रामधून की मधुर तानों और भजनों से पूरा माहौल भक्तिरस में सराबोर हो गया।
धार्मिक कार्यक्रम के दौरान बूढ़ानाथ बाबा के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए दिनभर श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। देर शाम महाआरती का आयोजन किया गया, जिसके बाद विशाल महाप्रसाद वितरण समारोह हुआ। आसपास के क्षेत्रों से आए हजारों श्रद्धालुओं ने महाप्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ अर्जित किया।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top