बारिश के पानी से नाली जाम, गंदा पानी घरों और आंगन में घुसा
डीजे न्यूज, झरिया(धनबाद): नगर निगम वार्ड संख्या 40 अंतर्गत डुमरी तीन नंबर बस्ती में बारिश के कारण नाली जाम होने से स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। नाली जाम होने के कारण गंदा पानी लोगों के घरों और आंगन में घुस गया है। गंदे पानी के साथ कीड़े-मकोड़े भी घरों के आसपास और आंगन में फैल गए हैं, जिससे लोगों में बीमारी फैलने की आशंका बनी हुई है।
पानी घरों में घुसने के बाद स्थानीय लोगों में नगर निगम के प्रति आक्रोश व्याप्त है। आक्रोशित लोगों का कहना है कि बारिश होते ही क्षेत्र में जलजमाव और नाली जाम की समस्या उत्पन्न हो जाती है और उन्हें नारकीय जीवन जीने को मजबूर होना पड़ता है।
स्थानीय निवासियों ने बताया कि पिछले दिनों वार्ड पार्षद काजल कुमारी के नेतृत्व में नगर निगम की ओर से स्वच्छता अभियान चलाया गया था, लेकिन बस्ती की नालियों और ड्रेनेज व्यवस्था की समुचित सफाई नहीं कराई गई। लोगों का आरोप है कि यदि समय रहते नालियों की सफाई कराई गई होती तो बारिश के दौरान यह स्थिति उत्पन्न नहीं होती।
स्थानीय लोगों ने नगर निगम प्रशासन से अविलंब नाली की सफाई कराने और जल निकासी की स्थायी व्यवस्था करने की मांग की है, ताकि बारिश के दिनों में लोगों को इस तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।