राष्ट्रीय खेल दिवस पर हुसैनाबाद मध्य विद्यालय में मेजर ध्यानचंद को दी श्रद्धांजलि

राष्ट्रीय खेल दिवस पर हुसैनाबाद मध्य विद्यालय में मेजर ध्यानचंद को दी श्रद्धांजलि

डीजे न्यूज, हुसैनाबाद : राजकीयकृत मध्य विद्यालय हुसैनाबाद के परिसर में शनिवार को राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर हॉकी के महान खिलाड़ी एवं ‘हॉकी के जादूगर’ पद्मभूषण मेजर ध्यानचंद की जयंती श्रद्धापूर्वक मनाई गई। विद्यालय परिवार की ओर से मेजर ध्यानचंद के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई।

कार्यक्रम की शुरुआत नियमित प्रार्थना, राष्ट्रीय गीत, राष्ट्रगान, संविधान की प्रस्तावना तथा विद्यालय पट्ट पर अंकित सामान्य ज्ञान की पुनरावृत्ति से हुई। इसके बाद जेसीईआरटी रांची द्वारा प्रेषित न्यूज एवं क्विज कंटेंट का वाचन किया गया। बाल संसद के नेतृत्व में ड्रिल का भी आयोजन हुआ।

इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि हॉकी के मैदान पर मेजर ध्यानचंद का अद्वितीय कौशल और असाधारण उपलब्धियां भारतीय खेल इतिहास में सदैव गौरव का विषय रहेंगी। तीन ओलंपिक खेलों में भारत का परचम लहराने वाले मेजर ध्यानचंद का देश के लिए योगदान अतुलनीय है। उनका नाम भारतीय खेल इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में अंकित है।

वक्ताओं ने कहा कि मेजर ध्यानचंद की प्रतिभा, अनुशासन, समर्पण और राष्ट्र के लिए खेलने की भावना ने भारतीय हॉकी को विश्व पटल पर गौरवपूर्ण पहचान दिलाई। उनकी विरासत आज भी देश के करोड़ों युवाओं को मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है।

राष्ट्रीय खेल दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा गया कि आज भारतीय खिलाड़ी क्रिकेट, शतरंज, एथलेटिक्स, बैडमिंटन, शूटिंग, बॉक्सिंग, वेटलिफ्टिंग और पैरा-स्पोर्ट्स सहित विभिन्न खेलों में देश का नाम रोशन कर रहे हैं। खेलों को केवल प्रतियोगिता के रूप में नहीं, बल्कि अनुशासन, फिटनेस, टीम भावना, उत्कृष्टता और राष्ट्र निर्माण के माध्यम के रूप में अपनाने की जरूरत है।

कार्यक्रम में विद्यालय के एचएम कन्हैया प्रसाद, वरीय सहायक अध्यापक राजेश कुमार सिंहा, शिक्षिकाएं सुषमा पांडेय, आशा कुमारी, पूनम कुमारी, रश्मि प्रकाश, बाल संसद के प्रधानमंत्री संतोष कुमार सहित दर्जनों छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top