झरिया व आसपास की खबरें:

झरिया व आसपास की खबरें:

अमृता देवी बिश्नोई के बलिदान दिवस पर बीएमएस ने किया पौधारोपण

डीजे न्यूज, झरिया(धनबाद):  लोदना एरिया में शुक्रवार को भारतीय मजदूर संघ के कार्यकर्ताओं ने अमृता देवी बिश्नोई के बलिदान को याद करते हुए पौधारोपण दिवस मनाया। इस अवसर पर सभी कार्यकर्ताओं ने मिलकर पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।
वक्ताओं ने कहा कि अमृता देवी बिश्नोई का बलिदान प्रकृति और पर्यावरण की रक्षा के प्रति समाज को प्रेरित करता है। उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर अधिक से अधिक पेड़ लगाने तथा उनकी सुरक्षा करने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम में संघ के लोदना क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष रामजन्म पासवान, क्षेत्रीय सचिव विजय कुमार यादव सहित कैलाश पासवान, रविंद्र पासवान, उस्मान अंसारी, बसंत , हीरालाल, कुणाल पासवान, अवधेश यादव, समीम अंसारी, वीरू निषाद, चंद्रमा, विनोद कुमार दास, राजेश नोनिया,शंकर राय, मानस चटर्जी,भागीरथ मंडल,शोएब खान, मकसूद अंसारी,भोला पासवान, भोलू अंसारी,नरेश प्रसाद महतो सहित अन्य कार्यकर्ता एवं सदस्य उपस्थित थे।
————————————-
पाथरबंग्ला में हो रही आपराधिक घटनाओं से लोगों में आक्रोश

झरिया:  जोड़ापोखर थाना क्षेत्र में लगातार घटित हो रही आपराधिक घटनाओं को लेकर लोगों में आक्रोश व्याप्त है। पाथरबंग्ला में हाल के दिनों में चोरी की घटनाओं में वृद्धि से लोगों में पुलिस व्यवस्था को लेकर चिंता देखी जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अपराधियों का मनोबल बढ़ता जा रहा है और घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए प्रभावी कार्रवाई की आवश्यकता है।
बताया जाता है कि गत 9 अगस्त को अपराधियों ने सचिन कुमार विश्वकर्मा की दुकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये मूल्य की चोरी की घटना को अंजाम दिया था। उक्त मामले का अब तक उद्भेदन नहीं हो पाया है, जिससे स्थानीय लोगों में नाराजगी है।
इधर, 25 अगस्त को पथरबंग्ला में लगे 500 केवीए के ट्रांसफार्मर की चोरी का प्रयास किया गया। इस दौरान स्थानीय लोगों की सतर्कता से चोरी की घटना को नाकाम कर दिया गया। लोगों ने अपराधियों को दौड़ाकर पकड़ने का प्रयास किया, हालांकि अपराधी मौके का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे।
लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं से पाथरबंग्ला सहित आसपास के क्षेत्रों के लोगों में भय और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से चोरी की घटनाओं का शीघ्र उद्भेदन करने तथा क्षेत्र में गश्ती बढ़ाकर अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।
————————————–
जेलगोरा अस्पताल में तीसरे दिन भी ओपीडी सेवा बंद

झरिया: बीसीसीएल लोदना क्षेत्र के जेलगोरा अस्पताल में तीसरे दिन भी ओपीडी सेवा बंद रही। हालांकि डॉक्टरों द्वारा इमरजेंसी मरीजों का इलाज किया जा रहा है, लेकिन ओपीडी सहित अन्य नियमित मेडिकल कार्य प्रभावित हैं।
बता दें कि एक महिला कर्मी ने अस्पताल के एक डॉक्टर और कुछ कर्मचारियों पर कथित रूप से दुर्व्यवहार सहित अन्य गंभीर आरोप लगाए हैं। आरोपों को संबंधित डॉक्टर एवं कर्मचारियों ने झूठा और मनगढ़ंत बताया है। घटना के बाद विभिन्न ट्रेड यूनियन प्रतिनिधि भी मामले में सक्रिय हो गए हैं, जिससे विवाद और बढ़ गया है। लोदना प्रबंधन इस मामले की जांच करवा रही है। ओपीडी बन्द होने से मजदूर वर्ग को कई तरह की परेशानी हो रही है

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top