भादो मेला की तैयारियों को लेकर प्रशासन अलर्ट, श्रद्धालुओं की सुविधा-सुरक्षा पर रहेगा विशेष फोकस
डीजे न्यूज, देवघर : आगामी भादो मेला के सफल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित संचालन को लेकर उपायुक्त-सह-प्रशासक, बाबा बैद्यनाथ मंदिर श्री सौरभ कुमार भुवानिया की अध्यक्षता में शुक्रवार को समाहरणालय सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला प्रशासन, पंडा धर्मरक्षिणी सभा, तीर्थपुरोहित समाज एवं विभिन्न विभागों के अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया गया।
बैठक में श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा, विधि-व्यवस्था, साफ-सफाई, स्वास्थ्य सेवाओं के साथ निर्बाध बिजली एवं पेयजल आपूर्ति को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि भादो मेला के दौरान श्रद्धालुओं की सेवा एवं व्यवस्थाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उपायुक्त ने संबंधित कार्यपालक अभियंताओं को मेला अवधि में निर्बाध बिजली एवं शुद्ध पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में बेहतर साफ-सफाई के लिए अतिरिक्त सफाईकर्मियों की प्रतिनियुक्ति तथा नियमित सैनिटाइजेशन कराने को कहा गया। वहीं, सिविल सर्जन को पर्याप्त स्वास्थ्य सुविधाएं, मेडिकल कैंप एवं एम्बुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
श्रद्धालुओं की सहायता के लिए मंदिर के आसपास प्रमुख क्षेत्रों में ‘भादो मेला सूचना सह सहायता केंद्र’ संचालित किया जाएगा। यहां से खोया-पाया, रूट चार्ट, अर्घ्य अर्पण का समय सहित मेला से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां उपलब्ध कराई जाएंगी, ताकि बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
बैठक के दौरान पंडा धर्मरक्षिणी सभा के अध्यक्ष, महामंत्री एवं सदस्यों ने राजकीय श्रावणी मेला के सफल एवं सुव्यवस्थित संचालन के लिए जिला प्रशासन का आभार जताया। सभा ने कहा कि श्रावणी मेला के दौरान प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा, सुलभ जलार्पण, साफ-सफाई तथा रूटलाइन में बिजली-पानी की बेहतर व्यवस्था की गई। सभा ने आगामी भादो मेला में भी जिला प्रशासन को हरसंभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया। बैठक में पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर, उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, नगर आयुक्त सुलोचना मीना, अनुमंडल पदाधिकारी श्री रवि कुमार सहित स्वास्थ्य, पुलिस, पेयजल एवं स्वच्छता, विद्युत, खेल, जनसंपर्क एवं मंदिर प्रशासन से जुड़े अधिकारी व कर्मी उपस्थित रहे।