बेंगाबाद कस्तूरबा विद्यालय का डीसी ने किया औचक निरीक्षण

बेंगाबाद कस्तूरबा विद्यालय का डीसी ने किया औचक निरीक्षण

डीजे न्यूज, गिरिडीह : उपायुक्त रामनिवास यादव ने छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, सुरक्षित आवासीय सुविधा और बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बेंगाबाद प्रखंड स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था से लेकर छात्रावास, भोजन, स्वच्छता, पेयजल और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने कक्षाओं में पठन-पाठन की स्थिति, छात्राओं की उपस्थिति, पुस्तकालय, कंप्यूटर कक्ष और विज्ञान प्रयोगशाला का निरीक्षण किया। उन्होंने शिक्षकों को छात्राओं की नियमित कक्षाएं संचालित करने और निर्धारित समय पर पाठ्यक्रम पूरा कराने का निर्देश दिया। उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि छात्राओं की पढ़ाई में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

उपायुक्त ने छात्रावास में छात्राओं से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी ली। छात्राओं ने भोजन, स्वच्छता, पढ़ाई और खेलकूद से जुड़ी समस्याएं एवं सुझाव साझा किए। इस पर उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को छात्राओं को समय पर पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने तथा निर्धारित मेन्यू के अनुसार ही भोजन परोसने का निर्देश दिया।

उन्होंने रसोईघर की साफ-सफाई और खाद्य सामग्री की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने को कहा। साथ ही विद्यालय में स्वच्छ पेयजल की नियमित उपलब्धता और सभी शौचालयों की प्रतिदिन सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उपायुक्त ने कहा कि छात्राओं के स्वास्थ्य और स्वच्छता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाना चाहिए।

निरीक्षण के दौरान बेंगाबाद के बीडीओ, सीओ सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top