
प्रशासन से वार्ता के बाद देर रात हीरक रोड जाम समाप्त
भाजपा कार्यकर्ता के पिता की मौत से आक्रोशित लोगों ने किया था सड़क जाम
डीजे न्यूज, बलियापुर(धनबाद) : बलियापुर क्षेत्र के हीरक रोड पर पलानी के पास सड़क जाम बलियापुर प्रशासन से वार्ता के बाद शनिवार देर रात समाप्त हो गया। भाजपा नेता तारा देवी समेत विभिन्न संगठनों के नेताओं एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने वार्ता में भाग लिया।
विदित हो कि शनिवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में 60 वर्षीय सत्यवान महतो की मौत हो गई थी। सत्यवान महतो धनबाद स्टील गेट के पास फ्लैट में दरवान का काम करते थे। शनिवार की देर शाम अपनी ड्यूटी पूरी कर साइकिल से अपने घर पहाड़पुर लौट रहे थे। इसी दौरान, पलानी स्थित भवानी विद्या मंदिर के पास एक अज्ञात चार पहिया वाहन ने उन्हें धक्का मार दिया और फरार हो गया। इस हादसे में सत्यवान महतो की घटनास्थल पर ही मौत हो गई थी। सत्यवान महतो पहाड़पुर गांव के सक्रिय भाजपा कार्यकर्ता मुक्तेश्वर महतो के पिता थे। घटना की सूचना मिलने पर विधानसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशी रहीं प्रदेश भाजपा कार्यसमिति सदस्य तारा देवी, भीखराजपुर पंचायत के मुखिया दिलीप कुमार महतो, पंचायत समिति सदस्य दिवाकर महतो, झामुमो के नेता महावीर महतो, विकास दास, सुभाष सिंह चौधरी, राजू महतो, चंदन भूमिहार समेत काफी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे और घटना के विरोध में हीरक रोड को जाम कर दिया था। सूचना पाकर बलियापुर के थाना प्रभारी आशीष भारती एवं अन्य पुलिसकर्मी घटनास्थल पर पहुंचे थे। ग्रामीण मृतक के आश्रित को मुआवजा की मांग कर रहे थे।