राजगंज में तेज रफ्तार बाइक दुर्घटनाग्रस्त, तीन जख्मी
डीजे न्यूज, राजगंज(धनबाद): राजगंज थाना क्षेत्र के धावाचिता पुल के समीप बुधवार को तेज रफ्तार अनियंत्रित बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में बाइक पर सवार तीन युवक घायल हो गए, जिनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घायलों की पहचान महुदा के लोहपिट्टी बस्ती निवासी करण ठाकुर, अरुण ठाकुर और टिंकू ठाकुर के रूप में हुई है। दुर्घटना के बाद दो घायलों को इलाज के लिए राजगंज स्थित निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया, जबकि गंभीर रूप से घायल युवक को एंबुलेंस से धनबाद रेफर कर दिया गया। उसके पैर, कमर और सिर में गंभीर चोटें आई हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार धावाचिता पुल के पास सड़क मरम्मत कार्य चल रहा है और सुरक्षा के लिए सड़क किनारे सीमेंट के गार्ड लगाए गए थे। इसी दौरान तीनों युवक बाइक से तेज रफ्तार में गुजर रहे थे। बताया जाता है कि सामने से आ रहे एक हाइवा वाहन को बचाने के प्रयास में बाइक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे लगे सीमेंट गार्ड से जोरदार टकरा गई।
टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार तीनों युवक सड़क पर गिर पड़े। घटना की सूचना मिलते ही राजगंज पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की सहायता से घायलों को अस्पताल भेजा।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक को जब्त कर थाने ले गई है। मामले की जांच की जा रही है। स्थानीय लोगों ने सड़क मरम्मत कार्य के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और यातायात नियंत्रण को और मजबूत करने की मांग की है।