जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने किया मतदान केंद्रों का भ्रमण
डीजे न्यूज, धनबाद: मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर 8 एवं 9 अगस्त को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष कैंप का आयोजन किया गया है। कैंप की गतिविधियों का जायजा लेने के लिए जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त आदित्य रंजन ने शनिवार को कई मतदान केंद्रों का भ्रमण किया।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के दौरान दावा एवं आपत्ति प्राप्त करने के लिए सभी मतदान केंद्रों में 8 एवं 9 अगस्त को प्रथम कैंप तथा 22 एवं 23 अगस्त को द्वितीय कैंप का आयोजन किया गया है। 4 सितंबर तक दावा एवं आपत्ति दायर करने की अवधि निर्धारित है।
कहा कि कैंप में जिनकी आयु 18 वर्ष पूरी हो चुकी है, या अर्हता तिथि 01.10.2026 तक 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले हैं उनके लिए मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए फॉर्म 6 एवं घोषणा पत्र भरने का अवसर दिया गया है। साथ में पूरे परिवार का नाम एक ही मतदान केंद्र में लाने, वर्तमान मतदान केंद्र घर से दूर है या परिवार के सदस्यों का नाम अलग-अलग बूथों पर पंजीकृत है, वैसे मतदाता फॉर्म 8 भर कर सुधार करवा सकते हैं।
उन्होंने कहा कि नागरिक घर बैठे ऑनलाइन फॉर्म भरने के लिए ECINET App डाउनलोड कर सकते हैं या आधिकारिक पोर्टल voters.eci.gov.in, वेबसाइट ceo.jharkhand.gov.in पर विजिट कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त आयोग के टोल फ्री नंबर 18003311950 या वोटर हेल्पलाइन 1950 पर संपर्क कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि 15 अगस्त को सुबह 11:00 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक सभी पंचायत भवन में ग्राम सभा का आयोजन किया जाएगा। जबकि 25 अगस्त से 4 सितंबर तक सभी मतदान केंद्र क्षेत्र में होम टू रोल वेरिफिकेशन के माध्यम से पात्र मतदाताओं के नामांकन, स्थानांतरण एवं फैमिली-टुगेदर स्टीकर अभियान सुनिश्चित किया जाएगा।