बच्चों को पढ़ाते हुए खुद भी बने सहायक आचार्य, भव्य विदाई समारोह में शिक्षकों को भावभीनी विदाई
डीजे न्यूज, पलामू : दृढ़ इरादे और मजबूत संकल्प के साथ कार्य किया जाए तो कोई भी लक्ष्य अधूरा नहीं रहता। इसका जीवंत उदाहरण उत्क्रमित मध्य विद्यालय एकडरी में शनिवार को आयोजित विदाई समारोह में देखने को मिला। वर्षों से विद्यालय को संवारने और शैक्षिक स्तर को ऊंचाइयों तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाने वाले दो शिक्षकों के सम्मान में आयोजित समारोह में उमड़ी भीड़ ने उनके प्रति लोगों के स्नेह और सम्मान पर मुहर लगा दी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय प्रबंधन समिति की अध्यक्ष अनीता देवी ने की जबकि संचालन अखिल झारखंड प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रखंड सचिव एवं विद्यालय के प्रधानाध्यापक निर्मल कुमार ने किया। यह विदाई समारोह विद्यालय के दो सहायक अध्यापक मो. असलम एवं शिक्षिका पूनम कुमारी के सहायक आचार्य के पद पर चयनित होने तथा अन्य विद्यालय में पदस्थापित होने के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पथरा पंचायत के मुखिया नरेश पासवान थे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में अखिल झारखंड प्राथमिक शिक्षक संघ (अजप्टा) के प्रखंड अध्यक्ष मो. ज़ुबैर अंसारी, कोषाध्यक्ष जितेन्द्र पासवान, संगठन सचिव मनोज कुमार, पूर्व मुखिया रामलाल विश्वकर्मा एवं पूर्व वार्ड सदस्य सुनिल सिंह उपस्थित रहे।
समारोह की शुरुआत मुख्य अतिथि मुखिया नरेश पासवान द्वारा विद्यालय परिसर में उपलब्ध कराए गए झूला एवं फिसलन पट्टी का फीता काटकर उद्घाटन करने के साथ हुई। इसके बाद अतिथियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया गया। विद्यालय के विद्यार्थियों ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। साथ ही भक्ति एवं नागपुरी गीतों और नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियों से कार्यक्रम को आकर्षक बना दिया, जिसकी अतिथियों ने मुक्तकंठ से सराहना की।
संकुल साधन सेवी अखिलेश सिंह ने कहा कि “उपरोक्त दोनों शिक्षक विद्यालय में शिक्षण कार्य करते हुए आचार्य नियुक्ति की परीक्षा पास कर सहायक आचार्य के पद पर चयनित हुए हैं। यह सराहनीय है एवं दोनों शिक्षक बधाई के पात्र हैं।”
अजप्टा के प्रखंड अध्यक्ष मो. ज़ुबैर अंसारी ने कहा कि “शिक्षक राष्ट्र निर्माता के साथ प्रेरणा के स्रोत होते हैं। इन्होंने बच्चों को पढ़ाते हुए खुद भी पढ़ा और कठिन परीक्षा पास कर बेहतर मुकाम हासिल किया। इससे बच्चे प्रेरणा लें और जीवन में उच्च सफलता प्राप्त करें।”
संगठन सचिव मनोज कुमार चौधरी ने कहा कि “अजाप्टा शिक्षकों के हर सुख-दुख में शामिल रहता है, इसलिए इससे जुड़कर संगठन को मजबूती प्रदान करें।”
मुख्य अतिथि मुखिया नरेश पासवान ने कहा कि “मेरा पंचायत झारखंड में अव्वल है और पंचायत के विद्यालयों को मैं राज्य में अव्वल बनाना चाहता हूं। विद्यालय में उपलब्ध कराए गए झूला एवं फिसलन पट्टी स्टेनलेस स्टील के बने हुए हैं, जो कभी खराब नहीं होंगे।” उन्होंने प्रधानाध्यापक निर्मल कुमार की मांग पर विद्यालय में सीसीटीवी कैमरा उपलब्ध कराने का भी वादा किया।
अन्य वक्ताओं ने भी समारोह को संबोधित करते हुए दोनों शिक्षकों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
मौके पर पूर्व वार्ड सदस्य सुनिल सिंह, संयोजिका ललिता देवी, शोभा देवी, शिक्षक योगेन्द्र पासवान, सुनिल कुमार, उपेन्द्र पासवान, संतोष सिंह, प्रमोद कुमार, पप्पू पासवान, अभिषेक सिंह, रविन्द्र सिंह तथा विद्यालय के शिक्षक उपेन्द्र प्रसाद, दिग्विजय सिंह, श्रीराम सिंह, श्रवण कुमार एवं लक्ष्मी देवी सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, अभिभावक, छात्र-छात्राएं एवं ग्रामीण उपस्थित थे।
धन्यवाद ज्ञापन के साथ समारोह का समापन हुआ। पूरे कार्यक्रम को सफल एवं गरिमामय बनाने में प्रधानाध्यापक निर्मल कुमार ने कोई कसर नहीं छोड़ी। अंत में उन्होंने समारोह में उपस्थित सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं आगंतुकों के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया।