विविध खबरें:-

विविध खबरें:-

जनता दरबार में उपायुक्त ने सुनीं आमजनों की समस्याएं

डीजे न्यूज, धनबाद: समाहरणालय में आयोजित जनता दरबार में उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन ने आमजनों की समस्याएं सुनीं तथा उनके समाधान के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

जनता दरबार में कतरास, राजगंज, तोपचांची, गोमो, गोविंदपुर, बाघमारा, बलियापुर, झरिया, बरवाअड्डा, निरसा सहित जिले के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याओं और शिकायतों को लेकर पहुंचे।

इस दौरान भूमि विवाद, जाली प्रमाण पत्र के आधार पर आंगनवाड़ी सेविका के पद पर बने रहने की शिकायत, मंदिर निर्माण हेतु भूमि उपलब्ध कराने का अनुरोध, मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना, पुश्तैनी जमीन पर जबरन कब्जा, धोखाधड़ी, भूमि अधिग्रहण मुआवजा, अबुआ आवास योजना, जमीन अतिक्रमण, प्रधानमंत्री आवास योजना, म्यूटेशन, वृद्धा पेंशन, विधवा पेंशन , सहित शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, पारिवारिक मामले संबंधित आवेदन प्राप्त हुए।

उपायुक्त ने सभी आवेदनों का गंभीरतापूर्वक संज्ञान लेते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्धारित समयसीमा के भीतर जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
——————————————-

20 सेंटर पर होगी पॉलिटेक्निक प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा

धनबाद: रविवार, 12 जुलाई को धनबाद के 20 सेंटर पर पॉलिटेक्निक प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा का आयोजन सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में किया जाएगा। इसमें 9764 परीक्षार्थियों के शामिल होने की संभावना है। कदाचारमुक्त परीक्षा संपन्न कराने के लिए उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी  आदित्य रंजन की अध्यक्षता में शुक्रवार को ऑनलाइन बैठक कर सभी 20 स्टेटिक दंडाधिकारी, 11 गश्ती दल दंडाधिकारी तथा सेंटर सुपरिटेंडेंट को आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए।

उपायुक्त ने कहा कि परीक्षा का आयोजन सुबह 10:30 बजे से दोपहर 1:00 तक किया जाएगा। सभी परीक्षार्थियों को सुबह 10:15 तक ही केंद्र में प्रवेश करने की अनुमति होगी। प्रवेश के समय उन्हें अपने परिचय पत्र की मूल कॉपी प्रस्तुत करनी होगी। किसी भी परीक्षार्थी को मोबाईल, कैलकुलेटर, डिजिटल डायरी, पेजर, लॉग टेबल, स्मार्ट वॉच सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक्स उपकरण लेकर सेंटर में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा।

वहीं गश्ती दल के प्रतिनियुक्त दण्डाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि वे संबंधित परीक्षा केन्द्रों के केन्द्राधीक्षकों को सीलबन्द पैकेट पूर्वाह्न 8:30 बजे तक उपलब्ध कराएंगे। जबकि परीक्षा के दौरान दंडाधिकारी अपने-अपने परीक्षा केन्द्र पर विधि-व्यवस्था का संधारण करते हुए कदाचारमुक्त परीक्षा सम्पन्न कराने के लिए सभी आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे। परीक्षा की समाप्ति के पश्चात गश्ती दल दण्डाधिकारी उत्तर-पुस्तिका एवं अन्य गोपनीय कागजात के सीलबन्द पैकेट्स केन्द्राधीक्षक से प्राप्त कर उसे सुरक्षित जिला कोषागार में जमा करायेंगे।

परीक्षा के दौरान जिला नियंत्रण कक्ष प्रभावी रहेगा। इसके प्रभार में कार्यपालक दण्डाधिकारी नारायण राम रहेंगे जबकि वरीय प्रभार में अनुमंडल दंडाधिकारी लोकेश बारंगे रहेंगे। वहीं विधि व्यवस्था में एडीएम लॉ एंड ऑर्डर  अरविंद कुमार ओझा तथा सिटी एसपी  ऋत्विक श्रीवास्तव रहेंगे। जबकि जिला पंचायती राज पदाधिकारी सुशांत मुखर्जी परीक्षा के नोडल पदाधिकारी रहेंगे।

ऑनलाइन बैठक में उपायुक्त आदित्य रंजन के साथ एडीएम लॉ एंड ऑर्डर अरविंद कुमार ओझा, जिला पंचायती राज पदाधिकारी सुशांत मुखर्जी मौजूद थे।
——————————————
एमपीएल की 31 वाहनों पर लगा ₹2.8 लाख का जुर्माना

धनबाद: निरसा-जामताड़ा रोड पर खुशरी और पांड़रा मोड़ के बीच हाइवा की टक्कर से दो बाइक सवार छात्रों के घायल होने की घटना को जिला प्रशासन ने बेहद गंभीरता से लिया है।
जिला परिवहन पदाधिकारी दिवाकर द्विवेदी ने अपनी टीम के साथ मैथन पावर लिमिटेड क्षेत्र में पहुँचकर परिवहन कार्य में लगे दर्जनों भारी वाहनों (हाइवा व अन्य) का औचक निरीक्षण और सघन जाँच अभियान चलाया।
एमपीएल की ट्रांसपोर्टिंग में लगे दर्जनों वाहनों के परिचालन, गति, और आवश्यक दस्तावेजों की बारीकी से जाँच की गई। नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 31 वाहनों को चिन्हित कर उन पर कार्रवाई की गई। नियमों की अनदेखी, ओवरलोडिंग या सुरक्षा मानकों में कमी पाए जाने पर इन वाहनों पर कुल ₹2.8 लाख का आर्थिक जुर्माना लगाया गया है।

जिला परिवहन पदाधिकारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि सड़कों पर आम नागरिकों की सुरक्षा से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उद्योगों और ट्रांसपोर्टरों को सख्त हिदायत दी गई है कि वे अपने सभी वाहनों के चालकों को नियंत्रित गति और नियमों के तहत गाड़ी चलाने का निर्देश दें। यदि भविष्य में किसी भी वाहन द्वारा सुरक्षा नियमों की अनदेखी की जाती है, तो इससे भी अधिक कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
——————————————
तेरह लाख ईएफ वितरित, 2,87,639 का डिजिटाइजेशन पूरा

धनबाद: मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर 2026) के लिए धनबाद जिले के सभी 6 विधानसभा क्षेत्रों में अब तक 13 लाख 04 हजार 882 मतदाताओं को ईएफ वितरित किया जा चुका है। जबकि 2 लाख 87 हजार 639 ईएफ का डिजिटाइजेशन पूरा कर लिया गया है।

विधानसभा वार जानकारी देते हुए जिला निर्वाचन पदाधिकारी आदित्य रंजन ने बताया कि सिंदरी विधानसभा में 269061, निरसा में 242825, टुंडी में 236973, धनबाद में 223712, बाघमारा में 179574, तथा झरिया विधानसभा में 152741 सहित 13,04,882 ईएफ का वितरण किया गया है। जबकि निरसा में 78839, सिंदरी में 68199, टुंडी में 49644, बाघमारा में 37850, धनबाद में 28088 तथा झरिया विधानसभा में 25019 सहित 2,87,639 ईएफ का डिजिटाइजेशन पूरा हो गया है।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि ईएफ वितरण के सफल क्रियान्वयन के लिए सभी विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी तथा सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी अपने-अपने विधानसभा में मतदान केंद्रों का भ्रमण कर रहे हैं, ताकि इस प्रक्रिया को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जा सके।
——————————————-
फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलेगा विशेष अभियान
धनबाद: धनबाद जिले में अपराध नियंत्रण और पुलिसिंग व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार को जिला पुलिस मुख्यालय में जून माह की विस्तृत अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने की। बैठक में सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव, ग्रामीण एसपी एस. मोहम्मद याकूब, सभी डीएसपी, एसडीपीओ, थाना प्रभारी एवं ओपी प्रभारी उपस्थित रहे।

बैठक में जून माह के अपराध, अनुसंधान, वारंट निष्पादन और कानून-व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की गई। प्रस्तुत आंकड़ों के अनुसार जून में जिले में कुल 409 नए कांड दर्ज हुए, जबकि 460 मामलों का सफल निष्पादन किया गया। इससे स्पष्ट है कि धनबाद पुलिस केवल नए मामलों के पंजीकरण तक सीमित नहीं है, बल्कि पुराने मामलों के त्वरित निष्पादन पर भी समान रूप से ध्यान दे रही है।

लंबित मामलों के निष्पादन में भी उल्लेखनीय प्रगति हुई है। लंबित कांडों की संख्या घटकर 1794 रह गई है। एसएसपी  प्रभात कुमार ने इसे पूरी पुलिस टीम की सतत मेहनत और प्रभावी रणनीति का परिणाम बताते हुए अगले दो माह के भीतर लंबित मामलों की संख्या 1600 से नीचे लाने का लक्ष्य निर्धारित किया।

वारंट एवं कुर्की मामलों के निष्पादन में भी जून माह के दौरान तेजी देखने को मिली। इस अवधि में कुल 574 लंबित वारंटों का निष्पादन किया गया, जो पिछले माह न्यायालय से निर्गत कुल वारंटों की संख्या से 150 अधिक है। एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों को जुलाई माह में लंबित वारंट एवं कुर्की मामलों के कम से कम 50 प्रतिशत निष्पादन का निर्देश दिया। साथ ही वारंट के मामलों में फरार चल रहे आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अगले एक सप्ताह तक विशेष अभियान चलाने का आदेश दिया, ताकि अधिक से अधिक फरार अभियुक्तों को शीघ्र गिरफ्तार किया जा सके।

बैठक में यूडी (अप्राकृतिक मृत्यु) मामलों के निष्पादन की भी समीक्षा की गई। एसएसपी ने बताया कि लंबित यूडी मामलों की संख्या घटकर एक हजार से भी नीचे पहुंच गई है और इनके त्वरित निष्पादन की प्रक्रिया लगातार जारी है।

अपराध नियंत्रण के क्षेत्र में धनबाद पुलिस की उपलब्धि का सबसे महत्वपूर्ण पहलू जिले में अपराध दर में आई भारी गिरावट रही। एसएसपी ने बताया कि पिछले वर्ष जहां औसतन प्रत्येक माह लगभग 600 आपराधिक मामले दर्ज होते थे, वहीं अब यह आंकड़ा घटकर लगभग 400 के करीब रह गया है। इस प्रकार जिले में अपराध में लगभग 30 प्रतिशत की भारी कमी दर्ज की गई है।

सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित बनाने पर भी बैठक में विशेष जोर दिया गया। एसएसपी ने बताया कि मई माह की तुलना में जून में सड़क हादसों में 33 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है। इसे और बेहतर बनाने के लिए ट्रैफिक प्रबंधन, प्रवर्तन अभियान और जनजागरूकता कार्यक्रमों को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए।

अनुसंधान कार्यों की समीक्षा के दौरान बताया गया कि जून माह में 509 पुराने मामलों में चार्जशीट अथवा अंतिम प्रतिवेदन न्यायालय में समर्पित किया गया, जिसे पुलिस की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। वहीं ऑनलाइन प्राप्त 46 शिकायतों में से 30 का निष्पादन भी कर लिया गया।

बैठक के अंत में एसएसपी प्रभात कुमार ने कहा कि प्रभावी पुलिस कार्रवाई, लगातार अभियान और बेहतर निगरानी के कारण जून माह के दौरान जिले में कोई बड़ी आपराधिक घटना सामने नहीं आई। उन्होंने संगठित अपराध के खिलाफ अभियान को और तेज करने, लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन, फरार अपराधियों की गिरफ्तारी तथा आम जनता को त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण पुलिस सेवा उपलब्ध कराने के निर्देश सभी अधिकारियों को दिए।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top