बालक में देवरी और बालिका में बिरनी बना विजेता
जिला सुब्रतो कप फुटबॉल प्रतियोगिता
डीजे न्यूज, गिरिडीह : झारखंड शिक्षा परियोजना गिरिडीह के तहत गुरूवार को जिला स्तरीय 65वीं सुब्रतो कप फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। अंडर-17 वर्ग में जिले के सभी 13 प्रखंडों की बालक और बालिका टीमों ने भाग लिया। प्रतियोगिता का उद्घाटन प्लस टू उच्च विद्यालय गिरिडीह के खेल मैदान में जिला शिक्षा पदाधिकारी विनय कुमार ने किया। बालकों के मैच सर्कस मैदान में और बालिकाओं के मैच पचम्बा स्थित तेतरिया मैदान में कराए गए।
गुरूवार को पूरे दिन चले रोमांचक मुकाबलों के बाद फाइनल में बालक वर्ग में देवरी की टीम ने गिरिडीह को 1-0 से हराकर खिताब अपने नाम किया। वहीं बालिका वर्ग में बिरनी की टीम ने गांडेय को 3-2 से पराजित कर विजय हासिल की। दोनों विजेता टीमों को जिला शिक्षा पदाधिकारी द्वारा ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। जिला शिक्षा पदाधिकारी ने खिलाड़ियों के अनुशासन और खेल भावना की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन से ग्रामीण क्षेत्र के प्रतिभावान खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है। प्रतियोगिता को सफल बनाने में खेल शिक्षकों और शिक्षा विभाग के कर्मियों का सहयोग रहा। एपीओ नीरज कुमार ने बताया कि शुक्रवार को अंडर-15 वर्ग के बालकों की सुब्रतो कप फुटबॉल प्रतियोगिता सर्कस मैदान में आयोजित की जाएगी।