रक्षा विनिर्माण हब के रूप में विकसित होगा धनबाद-बोकारो सांसद ढुलू की पहल को रक्षा मंत्रालय ने लिया संज्ञान

रक्षा विनिर्माण हब के रूप में विकसित होगा धनबाद-बोकारो

सांसद ढुलू की पहल को रक्षा मंत्रालय ने लिया संज्ञान

डीजे न्यूज, धनबाद: धनबाद लोकसभा क्षेत्र के सांसद ढुलू महतो द्वारा बोकारो-धनबाद औद्योगिक क्षेत्र को देश के प्रमुख रक्षा विनिर्माण केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में की गई पहल को रक्षा मंत्रालय ने गंभीरता से लिया है। इस संबंध में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सांसद ढुलू महतो को पत्र भेजकर मंत्रालय द्वारा की गई कार्रवाई और केंद्र सरकार की विभिन्न पहलों की जानकारी साझा की है।

सांसद ढुलू महतो ने रक्षा मंत्री के समक्ष यह प्रस्ताव रखा था कि बोकारो-धनबाद क्षेत्र में उपलब्ध औद्योगिक आधार, बोकारो स्टील प्लांट, मजबूत विद्युत आपूर्ति, कुशल मानव संसाधन तथा MSMEs के व्यापक नेटवर्क को देखते हुए यहां विशेष रक्षा निर्माण (Defence Manufacturing) हब की स्थापना की जाए। उन्होंने अपने प्रस्ताव में कहा था कि इससे ‘आत्मनिर्भर भारत’ और ‘मेक इन इंडिया’ अभियान को नई गति मिलेगी तथा क्षेत्र में बड़े पैमाने पर निवेश और हजारों युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजित होंगे।

रक्षा मंत्री द्वारा भेजे गए उत्तर में बताया गया है कि झारखंड में रक्षा क्षेत्र के लिए मजबूत औद्योगिक एवं MSME आधार उपलब्ध है। राज्य में निजी रक्षा उद्योगों को प्रोत्साहित करने, रक्षा उत्पादन को बढ़ावा देने, iDEX के माध्यम से नवाचार को बढ़ावा देने तथा SRIJAN पोर्टल सहित केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से घरेलू रक्षा विनिर्माण को सशक्त बनाने की दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है। साथ ही धनबाद एवं बोकारो के उद्योगों और उद्यमियों से इन पहलों का लाभ उठाते हुए रक्षा विनिर्माण की वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला का हिस्सा बनने का आह्वान भी किया गया है।

इस अवसर पर सांसद ढुलू महतो ने कहा कि बोकारो-धनबाद क्षेत्र देश की औद्योगिक शक्ति का महत्वपूर्ण केंद्र है और रक्षा विनिर्माण के लिए आवश्यक सभी बुनियादी क्षमताएं यहां उपलब्ध हैं। यदि इस क्षेत्र को रक्षा निर्माण हब के रूप में विकसित किया जाता है, तो यह केवल झारखंड ही नहीं, बल्कि पूरे पूर्वी भारत के औद्योगिक विकास को नई दिशा देगा और स्थानीय युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे।

उन्होंने कहा कि धनबाद-बोकारो को देश के रक्षा उत्पादन मानचित्र पर स्थापित करने तथा क्षेत्र में रक्षा उद्योगों के निवेश को आकर्षित करने के लिए वे केंद्र सरकार के समक्ष निरंतर प्रभावी पैरवी करते रहेंगे। उनका उद्देश्य क्षेत्र की औद्योगिक क्षमता को राष्ट्रीय विकास से जोड़ते हुए धनबाद-बोकारो को आत्मनिर्भर भारत के रक्षा उत्पादन अभियान का महत्वपूर्ण केंद्र बनाना है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top