अब पंचायतों में ही होंगे जमीन संबंधी मामलों का समाधान, गिरिडीह में 10 जुलाई तक लगेंगे विशेष राजस्व शिविर
डीजे न्यूज, गिरिडीह : जिलेवासियों को भूमि एवं राजस्व संबंधी सेवाएं उनके घर के नजदीक उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने 1 जुलाई से 10 जुलाई तक सभी अंचलों में हल्कावार विशेष राजस्व शिविर आयोजित करने का निर्णय लिया है। उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी रामनिवास यादव के निर्देश पर शुरू हुए इस अभियान के तहत जिले की 124 पंचायतों में शिविर लगाकर लंबित राजस्व मामलों का त्वरित निष्पादन किया जाएगा।
उपायुक्त ने सभी अंचल अधिकारियों एवं राजस्व कर्मियों को निर्देश दिया है कि शिविरों में प्राप्त आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित करें तथा प्रत्येक दिन की प्रगति रिपोर्ट जिला मुख्यालय को उपलब्ध कराएं। उन्होंने कहा कि राजस्व सेवाओं को सरल, पारदर्शी और लोगों की पहुंच तक पहुंचाना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। इस पहल से लोगों को अंचल कार्यालयों के बार-बार चक्कर लगाने से राहत मिलेगी।
विशेष शिविरों में भू-लगान, दाखिल-खारिज (म्यूटेशन), जमाबंदी सुधार, भूमि अभिलेखों में त्रुटि सुधार, ऑनलाइन लगान रसीद, सीमांकन, भूमि विवाद से जुड़े आवेदन तथा अन्य राजस्व मामलों का मौके पर निष्पादन किया जाएगा।
यह अभियान जिले के सभी अंचलों—गिरिडीह सदर, बेंगाबाद, पीरटांड़, बगोदर, सरिया, तिसरी, गांडेय, डुमरी, बिरनी, देवरी, धनवार, गावां और जमुआ—की पंचायतों में निर्धारित तिथियों पर आयोजित होगा। प्रत्येक शिविर में संबंधित हल्का कर्मचारी, राजस्व उपनिरीक्षक एवं अंचल कार्यालय के पदाधिकारी मौजूद रहेंगे।
उपायुक्त रामनिवास यादव ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे अपनी पंचायत में निर्धारित तिथि पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ शिविर में पहुंचकर इस विशेष अभियान का लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य राजस्व सेवाओं को आम जनता के द्वार तक पहुंचाना तथा लंबित मामलों का शीघ्र और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है।