अब प्रखंड स्तर पर बनेगा ड्राइविंग लाइसेंस, बेंगाबाद से विशेष अभियान की शुरुआत

अब प्रखंड स्तर पर बनेगा ड्राइविंग लाइसेंस, बेंगाबाद से विशेष अभियान की शुरुआत

डीजे न्यूज, गिरिडीह : आम नागरिकों को ड्राइविंग लाइसेंस की सुविधा उनके प्रखंड स्तर पर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिले में विशेष अभियान की शुरुआत हो गई है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और परिवहन मंत्री दीपक बिरुवा के निर्देश तथा उपायुक्त रामनिवास यादव के मार्गदर्शन में बुधवार को बेंगाबाद प्रखंड मुख्यालय में नवशिखुवा चालक अनुज्ञप्ति (लर्निंग लाइसेंस) शिविर का शुभारंभ किया गया।

शिविर के पहले दिन कुल 61 लोगों ने लर्निंग लाइसेंस के लिए आवेदन किया। दस्तावेजों की जांच और सत्यापन के बाद 38 पात्र आवेदकों को उसी दिन लर्निंग लाइसेंस जारी कर दिया गया, जबकि शेष आवेदनों पर निर्धारित प्रक्रिया के तहत कार्रवाई की जा रही है।

जिला परिवहन विभाग की ओर से आयोजित यह दो दिवसीय शिविर दूसरे दिन भी जारी रहेगा। इस दौरान नए आवेदन स्वीकार किए जाएंगे तथा सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने वाले पात्र आवेदकों को लर्निंग लाइसेंस जारी किया जाएगा।

जिला परिवहन पदाधिकारी संतोष कुमार ने बताया कि यह विशेष अभियान जिले के सभी प्रखंडों एवं पंचायतों में चरणबद्ध तरीके से आयोजित किया जाएगा, ताकि दूर-दराज के क्षेत्रों के लोगों को भी अपने क्षेत्र में ही ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने की सुविधा मिल सके।

उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे निर्धारित तिथि और स्थान पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ शिविर में पहुंचकर इस सुविधा का लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का उद्देश्य अधिक से अधिक पात्र लोगों को वैध चालक अनुज्ञप्ति उपलब्ध कराना, सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा सुरक्षित एवं नियमसम्मत वाहन संचालन को प्रोत्साहित करना है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top