टुंडी में भी अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की धूम
सामूहिक योगाभ्यास में ग्रामीणों व बच्चों ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा
डीजे न्यूज, टुंडी (धनबाद) : अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर टुंडी प्रखंड के विभिन्न स्थानों पर सामूहिक योग अभ्यास शिविर का आयोजन किया गया। योग शिविरों में ग्रामीणों, बच्चों एवं कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर योग के महत्व को समझा और स्वस्थ जीवन का संदेश दिया।
मनियाडीह स्थित एकल ग्राम उत्थान फाउंडेशन कार्यालय में फाउंडेशन के चन्द्र मोहन राय के देखरेख में योग प्रशिक्षक बालेश्वर महतो एवं पायल कुमारी ने योगाभ्यास करवाया। इस अवसर पर मुख्य रूप से भाजपा टुण्डी मंडल (पश्चिमी) के अध्यक्ष गोविन्द टुडू, उपाध्यक्ष चन्द्र मोहन राय, उपाध्यक्ष विमल मंडल, मीडिया प्रभारी किशोर हेम्ब्रम, नरेश ठाकुर, पुष्पा देवी, सुनिता देवी सहित दर्जनों ग्रामीण व बच्चे शामिल हुए।
वहीं टुंडी स्थित रामकृष्ण विवेकानन्द आश्रम दीनदयाल भवन में द्रोणाचार्य स्पोर्ट्स एन्ड फिजिकल एक्टिविटी सेंटर के सौजन्य से प्रशिक्षक मनोज कुशवाहा एवं विक्की के देखरेख में योगाभ्यास कराया गया। योग कार्यक्रम में मुख्य रूप से टुण्डी प्रखंड भाजपा के पूर्व प्रखंड अध्यक्ष तिलक मण्डल, पूर्व अध्यक्ष दिनेश सिंह, पूर्व अध्यक्ष अवध किशोर सिंह, मंडल महामंत्री नकुल सिंह, महामंत्री नागेश्वर पंडित, कोषाध्यक्ष नितिन राम सहित अन्य कार्यकर्ता, दर्जनों ग्रामीण एवं बच्चे उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान योग के विभिन्न आसनों का अभ्यास कराया गया तथा नियमित योग को स्वस्थ जीवन की कुंजी बताते हुए लोगों को इसे दैनिक दिनचर्या में शामिल करने के लिए प्रेरित किया गया। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयोजित इन कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों में स्वास्थ्य, फिटनेस और सकारात्मक जीवनशैली के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।