कार्यप्रगति, लंबित मामलों और नागरिक सेवाओं की स्थिति की हुई समीक्षा

Advertisements

कार्यप्रगति, लंबित मामलों और नागरिक सेवाओं की स्थिति की हुई समीक्षा

डीजे न्यूज, धनबाद: नगर आयुक्त आशीष गंगवार  ने शनिवार को धनबाद नगर निगम की विभिन्न शाखाओं एवं अनुभागों की कार्यप्रगति, लंबित मामलों तथा नागरिक सेवाओं की स्थिति की व्यापक समीक्षा की। समीक्षा के दौरान राजस्व, जलापूर्ति, चापानल मरम्मति, स्वच्छता, नाला सफाई, सड़क प्रकाश व्यवस्था, उद्यान एवं पार्क, बाजार प्रबंधन, सैरात एवं बंदोबस्ती, आयुष्मान आरोग्य मंदिर, स्थापना, विधि शाखा तथा अन्य प्रशासनिक एवं तकनीकी इकाइयों के कार्यों की समीक्षा की गई।

बैठक में नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि निगम की प्राथमिकता नागरिकों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने सभी शाखा प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित अनुश्रवण, क्षेत्रीय निरीक्षण एवं लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया।

राजस्व संबंधी समीक्षा में होल्डिंग कर, जल उपयोगिता शुल्क, व्यापार अनुज्ञप्ति, बाजार, सैरात एवं बंदोबस्ती से प्राप्तियों की स्थिति पर चर्चा की गई। संबंधित पदाधिकारियों को राजस्व संग्रहण में वृद्धि, बकाया मामलों के निष्पादन तथा उपलब्ध परिसंपत्तियों के बेहतर प्रबंधन हेतु आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।

मानसून को देखते हुए नाला सफाई, जलनिकासी व्यवस्था एवं स्वच्छता संबंधी तैयारियों की समीक्षा की गई। नगर आयुक्त ने संवेदनशील क्षेत्रों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने तथा नागरिक शिकायतों के त्वरित समाधान पर बल दिया। सड़क प्रकाश व्यवस्था के अंतर्गत खराब स्ट्रीट लाइटों के प्रतिस्थापन एवं अंधकारमय स्थलों की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में पार्कों एवं सार्वजनिक स्थलों के रखरखाव, बाजारों के सुव्यवस्थित संचालन, आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में उपलब्ध सुविधाओं तथा निगम की विभिन्न विकासात्मक एवं आधारभूत संरचना परियोजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई।

विधि शाखा की समीक्षा के दौरान न्यायालयों एवं अन्य प्राधिकारों के समक्ष लंबित मामलों की स्थिति का आकलन किया गया तथा निगम हित से जुड़े मामलों में प्रभावी एवं समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। स्थापना शाखा से संबंधित विषयों की समीक्षा करते हुए प्रशासनिक दक्षता एवं जवाबदेही को और सुदृढ़ करने पर बल दिया गया।

नगर आयुक्त ने कहा कि प्रत्येक शाखा अपने निर्धारित दायित्वों के अनुरूप कार्य करते हुए सेवा प्रदायगी की गुणवत्ता में सतत सुधार सुनिश्चित करे। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि नागरिकों से प्राप्त शिकायतों एवं अपेक्षाओं के प्रति संवेदनशील दृष्टिकोण अपनाते हुए कार्यों के निष्पादन में गति एवं पारदर्शिता बनाए रखें।

बैठक में नगर निगम के सभी संबंधित अधिकारी, शाखा प्रभारी और संबंधित कर्मी उपस्थित थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top